Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा ने लोगों को छला, यह चुनाव छलिया बनाम बलिया का: अखिलेश...

भाजपा ने लोगों को छला, यह चुनाव छलिया बनाम बलिया का: अखिलेश यादव

-लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादियों के साथ अम्बेडकरवादी

बलिया (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने लोगों को छलने का काम किया है। यह चुनाव छलिया बनाम बलिया का है। सपा सरकार बनेगी तो फौज में भर्ती निकालने का काम होगा। सरकार में 11 लाख पद खाली हैं। बीएड टेट वालों को समायोजित करने का काम किया जायेगा। अखिलेश मंगलवार को बलिया के फेफना में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि जोश और उत्साह बता रहा भाजपा साफ होगी। बलिया आते आते भाजपा के लोग छान दिये जाएंगे। जब से पीले झण्डे वाले साथ आ गये तब से भाजपा वाले ढ़ीले पड़ गये। अगर यह जोश भाजपा वाले देख लेंगे तो अपनी गाड़ियों से भाजपा का झण्डा निकाल देंगे। अब तो लग रहा है कि छठे और सातवें चरण में भाजपा का सफाया हो जाएगा। यह बागी बलिया का बड़ा संदेश है। यह जीत का संदेश है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विकास की गति सपा सरकार में थी वह गति और बढ़ेगी। विकास होगा तो किसान खुशहाल होंगे। अगर आने वाले समय में हमें पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से बलिया को जोड़ना पड़ेगा तो बलिया को जोड़ेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के नाम से विश्वविद्यालय दिया था लेकिन सरकार ने रोक दिया। नौजवानों को रोजगार देने का काम होगा। यह चुनाव खुशहाली के लिए यह चुनाव भारत का संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादियों के साथ अम्बेडकरवादी लगे हैं।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular