लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को हर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेशभर में 13 से 15 अगस्त तक घर-घर जाकर तिरंगा झंडा वितरण कर घरों पर लगाने का आह्वान करेंगे। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को भाजपा के लखनऊ महानगर कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
ब्रजेश पाठक ने बताया कि 15 अगस्त को प्रदेशभर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकालकर आजादी के महापर्व को मनाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से पहले भारत को विभाजन का दंश झेलना पड़ा। भारत के विभाजन में छ: लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए। महिलाओं पर अत्याचार हुए। उस समय हिंदुओं पर जो अत्याचार हुए उसे भुलाया नहीं जा सकता।
उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि विभाजन के बाद लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर आना पड़ा। लखनऊ में भी बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग रहते हैं। भारत पाकिस्तान बंटवारे के समय विस्थापित होने वाले और अपनी जान गंवाने वाले लाखों भाइयों और बहनों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के रुप में मनाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के समय लखनऊ महानगर के भाजपा अध्यक्ष मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।
बृजनन्दन/पवन
