Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा ने अयोध्या को प्राचीन गौरव वापस दिलाया : अमित शाह

भाजपा ने अयोध्या को प्राचीन गौरव वापस दिलाया : अमित शाह

अयोध्या (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अयोध्या को अपना प्राचीन गौरव वापस मिला है। उन्होंने कहा कि इस भूमि ने वर्षों तक प्रभु श्रीरामलला के जन्मस्थान के लिए संघर्ष किया है। यहां अनेक बार विनाश भी हुआ तो निर्माण भी हुआ। मगर हर बार विनाश पर निर्माण ने विजय प्राप्त की। अयोध्या में प्रभु राम के नाम पर श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है, जो दुनियाभर के राम भक्तों को अयोध्या लाने का कार्य करेगा।

अमित शाह ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए जनसभा में उमड़ी भीड़ से सवाल किया कि कारसेवकों पर किसने गोलियां चलवाईं? राम नवमी के उत्सव को किसने बंद किया था? दीपोत्सव को किसने बंद किया था? राम भक्तों पर डंडा किसने चलाया था? राम सेवकों को मारकर सरयू में बहा दिया गया था। ये हमको याद रखना चाहिए। गृहमंत्री शाह ने कहा कि आज मैं देखकर आया हूं कि रामलला का मंदिर उसी स्थान पर बन रहा है।

शाह ने कहा कि बुआ-बबुआ के शासन में हमारी आस्था का सम्मान नहीं होता था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आस्था को गौरव प्रदान करने का काम कर रहे हैं। सपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी इत्र की दुर्गंध आज पूरे प्रदेश में फैल गई है। आज जब इत्र वाले मित्र के कालेधन पर रेड पड़ रही है तो इनके पेट में उबाल हो रहा है।

इससे पहले, गृहमंत्री शाह ने हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की और इसके बाद श्रीरामलला के दर्शन किए। उन्होंने मणिराम दास छावनी जाकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से आशीर्वाद लिया।

बृजनन्दन/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular