Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा नेता मनोज तिवारी का ओपी राजभर को ऑफर

भाजपा नेता मनोज तिवारी का ओपी राजभर को ऑफर

-ओपी राजभर क्या, अभी बहुत उल्टे लोग उत्तर प्रदेश में सीधे हो रहें हैंः मनोज तिवारी

देवरिया (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने सुभाषपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को भाजपा में आने का ऑफर दिया है। साथ ही यह भी कहा कि 2024 में तीसरी बार केन्द्र में मोदी सरकार बनेगी।

देवरिया पहुंचने पर पत्रकारों ने सांसद मनोज तिवारी से सुभाषपा के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर द्वारा भाजपा की तारीफ को लेकर सवाल किया। इस पर मनोज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ भ्रमित करने वाली शक्तियां काम करती हैं। ओम प्रकाश राजभर उन्हीं शक्तियों के भ्रम में फंसकर दूसरी धारा में चले गए थे। यह तो मैं नहीं बता सकता कि ओमप्रकाश राजभर आ रहे हैं कि नहीं आ रहे है, यह तो पार्टी का निर्णय होता है। मैं इतना जरूर मानता हूं कि सुबह का भूला यदि शाम तक वापस आ जाए तो भारतीय जनता पार्टी का दिल बहुत बड़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का शासन मॉडल सर्वश्रेष्ठ हैं। इसलिए वह तारीफ कर रहें हैं। वैसे अभी बहुत उल्टे लोग उत्तर प्रदेश में सीधे हो रहें हैं। ओपी राजभर को भाजपा में आने का ऑफर देते हुए कहा वे आएं उत्तर प्रदेश में सहभागी हों।

आगे सांसद ने कहा कि दिल्ली की सरकार के कैबिनेट मंत्री कहते हैं कि वह ब्रह्मा, विष्णु, महेश और श्रीराम को नहीं मानते। जबकि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल श्रीराम के नारे लगा रहें हैं। केजरीवाल को अपना दोहरा चरित्र छोड़कर ऐसे मंत्री को तुरंत हटाते हुए जेल भेजना चाहिए ।

इससे पहले भाजपा सांसद मनोज तिवारी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत में पहुंचे किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने गमले में उगने वाले सब्जी की बीज को भेंट किया। बीज लेने और उसके बारे में जानने के बाद सांसद तिवारी ने मोर्चा अध्यक्ष को अपना मोबाइल नम्बर दिया और किसान मोर्चा का एक प्रतिनिधि मंडल दिल्ली मिलने के लिए बुलाया है। स्वागत के दौरान संजय पाण्डेय, अम्बिकेश पाण्डेय, पवन मिश्र, अरुण मिश्र, कृष्ण मोहन उपाध्याय, गुड्डू सिंह, विकास तिवारी, भगवान यादव, अजय तिवारी, सुनील सिंह उपस्थित रहे।

ज्योति

RELATED ARTICLES

Most Popular