गाजीपुर (हि. स.)। भाजपा युवा मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक जायसवाल ने दीपावली मुसहर बस्ती में मनाया और कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है। रामराज्य की परिकल्पना यही थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में फ़लीभूत हो रहा है।
इस अवसर पर मयंक जायसवाल ने कहा कि यह पर्व खुशी का पर्व है। इसे हम सबको मिलकर मनाना चाहिये। मुसहर बस्ती में बसे ये परिवार संसाधनों के अभाव में त्योहार की खुशियां नहीं मना पाते। ऐसे अवसर पर इन परिवारों में बच्चों व बुजुर्गों के साथ कुछ समय बिताना और खुशियां बांटना मानवीय कार्य होगा।
श्री जायसवाल ने कहा कि जब हर घर दीये जलाए जा रहे है खुशियां मनाई जा रही है, फिर हमारा ये मुसहर समाज क्यों इस भागीदारी से वंचित रहे। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने सबरी के झूठे बेर खाकर समाज को जाति पाती से उठ कर ”हम हिन्दू है” होने का संदेश दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसी रामराज्य की परिकल्पना को लेकर आगे बढ़ रहे है और हम भाजपा के कार्यकर्ता इनको मूर्तरूप देने का प्रयास कर रहे है। पूज्य महाराज जी ने बीते साढ़े चार साल के समाज के हर तबके के साथ न्याय किया है।
हमारे भाजपा प्रदेश के मुखिया स्वतंत्र देव सिंह ने एक आग्रह किया था अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से की “दीपावली के लिए जब किसी गरीब से मिट्टी का ‘दिया’ खरीदेंगे तो मोलभाव नहीं करेंगे।’ आप को जान कर खुशी होगी हमारे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इसका पालन किया साथ ही सुखद ये भी था कि दीयो के उचित मोल ही लिए गए।
मयंक जायसवाल भारतीय जनता पार्टी में आने से पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं आरएसएस के कार्यकर्ता भी रहे साथ ही आरएसएस में दायित्व निर्वहन भी कर चुके है।
