Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेश भाजपा नगर निकाय के सभी चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेगी : उपमुख्यमंत्री

 भाजपा नगर निकाय के सभी चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेगी : उपमुख्यमंत्री

-लक्ष्य साध कर हर कार्यकर्ता कमल का फूल खिलाए : केशव प्रसाद मौर्य

-पार्षद किरन ने मनकामेश्वर स्थित स्टैंड समाप्त करने की मांग की

प्रयागराज (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव के संदर्भ में भाजपा महानगर, गंगापार, यमुनापार जिला इकाई की बैठक सर्किट हाउस में गुरुवार को हुई। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर निकाय के सभी चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतकर प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने सपा, बसपा, कांग्रेस को समाप्त कर दिया है। मोदी-योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है और विकास की गति आज जमीन पर दिखाई पड़ रही है। गुंडे और माफिया डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव के हर मोर्चे पर लड़ना और जीतना जानती है। हमें पूरा विश्वास है कि शिक्षक निर्वाचन चुनाव एवं नगर निकाय के चुनाव में हमारी विजय होगी और कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि लक्ष्य को साध कर हर कार्यकर्ता कमल का फूल खिलाए और इसके लिए युद्ध स्तर पर नगर निकाय एवं शिक्षक निर्वाचन चुनाव के मतदाता बनाने का अभियान चलाएं।

बैठक में पार्षद किरन जायसवाल ने मनकामेश्वर मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों की दिक्कत को लेकर कैंटोनमेंट एरिया में स्थित मनकामेश्वर मंदिर के स्टैंड के आगामी आवंटन को रोकने की मांग की।

बैठक के पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसुनवाई की और जनता की समस्याओं का निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने एवं संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता और कमलेश कुमार गौतम ने किया। बैठक में मुख्य रूप से सांसद केसरी देवी पटेल, विधायक प्रवीण पटेल, पियूष रंजन निषाद, गुरु प्रसाद मौर्य, राजमणि कोल, यमुनापार जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती, गंगापार जिलाध्यक्ष अश्वनी दुबे, राजेश केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, अखिलेश कुशवाहा एवं नगर निकाय एवं शिक्षक निर्वाचन चुनाव के सभी पोलिंग प्रभारी उपस्थित रहे।

विद्याकान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular