-कुशीनगर में भाजपा पर गरजे पूर्व मुख्यमंत्री
कुशीनगर (हि. स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा ने हर वर्ग के लोगों को धोखा दिया है। इन्हें छठवें चरण के मतदान में जनता छांट देगी।यह दुनिया की सबसे बड़ी झूठी पार्टी है। वह रविवार को कुशीनगर , फाजिलनगर व तमकुहीराज में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
कुशीनगर के सपा प्रत्याशी राजेश प्रताप राव उर्फ बंटी राव के समर्थन में बोलते अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि छोटे नेता छोटा झूठ, बड़े नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोलते हैं। उन्होंने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट व गोरखपुर एम्स को सपा की देन बताया।कहा कि सपा की सरकार बनते ही प्रदेश में नौजवानों को शिक्षा,पुलिस और आईटी के क्षेत्र में सरकारी नौकरी देने का कार्य किया जाएगा। सरकार ने 100 नम्बर की सेवा को 112 नम्बर कर पुलिस सेवा का कबाड़ा कर दिया है। एम्बुलेंस कबाड़ हो गए हैं, हमारी सरकार आयी तो एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाकर दोगुना किया जाएगा। भाजपा सरकार का कहना था कि सरकार बनते ही हवाई चप्पल में चलने वाला हवाई जहाज से चलेगा, लेकिन उन्होंने हवाई अड्डा व हवाई जहाज ही बेच दिया। बन्दरगाह व रेलवे स्टेशन बेचे जा रहे हैं।नौजवानों को रोजगार कैसे मिलेगा। न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी। भाजपा सरकार में बच्चों की शिक्षा चौपट हो रही है। उन्होंने 2017 में नोटबन्दी के बाद कहा कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, काला धन वापस आ जायेगा, लेकिन इसका उल्टा हुआ। डबल इंजन की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार दोगुना हो गया।गन्ने का भुगतान समय पर नहीं हुआ। क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं हुई। कहा कि इस बार भाजपा का सफाया हो जाएगा। हमारी सरकार बनी तो पाँच साल तक राशन के साथ सरसों का तेल, घी, मिल्क पाउडर व चीनी भी दी जाएगी। किसानों को 300 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। वहीं सरकार युवाओं को एक लीटर पेट्रोल के साथ डीजल व गैस भी उपलब्ध कराएगी। बाबा मुख्यमंत्री लैपटॉप व मोबाइल चलाना जानते हैं। काका गए हैं तो बाबा भी जाएंगे। काका मतलब काला कानून बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में इसको वापस कराने में 700 किसान शहीद हुए। सपा सरकार बनने पर उनके परिवार को भी मदद दी जाएगी।
उन्होंने गुल्लू का जिक्र करते हुए कहा कि परिवारी लोग घर जाते हैं तो कुछ न कुछ लेकर जाते हैं। बाबा मुख्यमंत्री को सलाह दिया कि गोरखपुर जाएं तो गुल्लू के लिए बिस्किट लेकर जाए वरना जाते समय मैं खुद उन्हें दूंगा। कहा कि बीएड टेट व शिक्षा मित्र अनुदेशकों को समायोजित करने का काम किया जाएगा। संचालन शुकरुल्लाह अंसारी ने किया। सपा जिलाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार यादव, पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह, पूर्व सांसद बालेश्वर यादव ने सम्बोधित किया।
गोपाल
