Monday, February 9, 2026
Homeराष्ट्रीयभाजपा जल्द बदल सकती है अपना एक जुझारू मुख्यमंत्री!

भाजपा जल्द बदल सकती है अपना एक जुझारू मुख्यमंत्री!

पार्टी के एक विधायक ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से किया दावा

राज्य डेस्क

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के पद पर बने रहने को बीते कई महीनों से अटकलों का दौर जारी है. हाल ही में वह दिल्ली आए थे और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नेड्डा से मुलाकात की थी. अटकलों के बीच अब कर्नाटक में एक भाजपा के विधायक ने कहा है कि ’जल्द ही राज्य के सीएम बदल दिया जाएगा.’ विधायक ने बसनगौड़ा पी यंतल ने लिखा, ’सीएम को जल्द बदला जाए क्योंकि राज्य के ज्यादातर वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा से खुश नहीं हैं. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अगला सीएम उत्तर कर्नाटक से होगा. येदियुरप्पा हमारे कारण सीएम बने, उत्तर कर्नाटक की जनता ने 100 विधायक दिए जिससे वह सीएम बने.’ ऐसी अटकलें हैं कि येदियुरप्पा की उम्र को देखते हुए भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन किया जा सकता है. इन अटकलों को तब बल मिला जब हाल ही में 77 वर्षीय येदियुरप्पा नई दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों से भेंट की थी.
ऐसी खबर है कि बिहार विधानसभा चुनाव या मार्च-2021 में येदियुरप्पा द्वारा बजट पेश किये जाने के बाद उनके स्थान पर किसी और को लाया जा सकता है. कयास लगाये जा रहे हैं कि 75 साल की उम्र पार करने वाले नेताओं के प्रति भाजपा की नीति के तहत पार्टी लिंगायत नेता को राज्यपाल का पद देकर और उनके छोटे बेटे बी वाई विजयेंद्र को अहम पद देकर येदियुरप्पा की सम्मानजनक विदाई पर विचार कर रही है. बीते महीने प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैप्टन गणेश कार्णिक ने कहा कि कुछ टीवी चैनलों ने कथित रूप से खबर दी है कि मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की जगह कोई नया सीएम बनाया जा रहा है. एक आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा, ‘भाजपा इस खबर का दृढ़ता से खंडन करती है.’ उन्होंने कहा, ’हम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि ऐसी खबर बिल्कुल बेबुनियाद, गुमराह करने वाली और सच्चाई से दूर है.’

RELATED ARTICLES

Most Popular