– 20 लाख की लागत से बनेगा वीरांगना झलकारी द्वार
फिरोजाबाद (हि.स.)। वीरांगना झलकारी बाई जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को वार्ड नंबर 12 के पार्षद एवं अखिल भारतीय कोली समाज यूथ विंग के जिला अध्यक्ष मनोज शंखवार के प्रस्ताव पर ककरऊ कोठी के निकट जलेसर रोड पर झलकारी द्वार के निर्माण के लिए भूमि पूजन महापौर नूतन राठौर के द्वारा सैकड़ों कोरी समाज के लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस मौके पर महापौर नूतन राठौर ने कहा के पार्षद मनोज शंखवार के प्रस्ताव पर झलकारी द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। जिसकी मांग पार्षद द्वारा विगत वर्ष झलकारी बाई शोभायात्रा के दौरान की गई थी, उस समय मेरे द्वारा झलकारी द्वार निर्माण की घोषणा की गई थी। आज वीरांगना झलकारी बाई की जयंती की पूर्व संध्या पर इस पुण्य कार्य को करने में गर्व की अनुभूति हो रही है। झलकारी बाई द्वार निर्माण कार्य पर लगभग 20 लाख रुपए खर्च होंगे।
अखिल भारतीय कोली समाज के प्रदेश अध्यक्ष भगवानदास शंखवार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जब-जब सत्ता में आती है कोरी समाज के विकास के बारे में सोचती है। लखनऊ में झलकारी बाई अस्पताल का नामकरण हो या पीएसी बटालियन का नाम, वीरांगना झलकारी बाई पर रखा गया। झांसी, कानपुर, लखनऊ, फिरोजाबाद, आगरा आदि शहरों में वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा की स्थापना भाजपा की सरकार के दौरान ही की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार ने की। इस मौके पर पार्षद मनोज शंखवार, मंडल अध्यक्ष केशव देव शंखवार, पार्षद प्रेमचंद पार्षद विद्याराम, हेत सिंह, विजय शर्मा, मीरा शर्मा, गेंदालाल राठौर, श्रीनिवास शर्मा आदि उपस्थित रहें।
