-डबल इंजन ‘ट्रेन’ का टिकट नहीं मिलने वालों को ‘डग्गावार वाहन’ का ब्लैक टिकट दे रहे टीपू सुल्तान
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भाजपा का साथ छोड़ने वालों के साथ ही अखिलेश यादव पर भी हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि डबल इंजन की ‘ट्रेन’ का जिन्हें टिकट नहीं मिल पा रहा है, उन्हें टीपू सुल्तान अपने डग्गामार वाहनों का टिकट दे रहे हैं।
उप्र भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने एक साथ दो धड़ों पर प्रहार किया है। एक तो वह लोग जो अंत में भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं। दूसरे वह जो उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। पार्टी से बगावत करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि वह सभी लोग पार्टी छोड़कर भाग रहे हैं जिन्हें यहां टिकट नहीं मिल पा रहा है। मतलब साफ है, उन लोगों का भाजपा ने टिकट काटने का पहले ही मन बना लिया है। इसकी सुगबुगाहट उन्हें हो गयी थी। उन लोगों ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपना पक्ष रखा। नेतृत्व को संतुष्ट करने की कोशिश की लेकिन उनकी दाल नहीं गली।
एक न्यूज चैनल पर बातचीत के दौरान जब स्वामी प्रसाद मौर्य से यह पूछा गया कि क्या उन्होंने भाजपा नेतृत्व को अपनी समस्याएं बताईं ? इस पर स्वामी ने कहा कि उन्होंने कई बार सरकार और पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक स्वामी प्रसाद मौर्य ने नेतृत्व से बात तो की है लेकिन मुद्दा प्रदेश की समस्याओं का नहीं था। उन्होंने अपने बेटे, बेटी और रिस्तेदारों के समायोजन को लेकर बात की थी। पार्टी के समक्ष उनकी पोल पट्टी खुल चुकी थी। लिहाजा उनके पास भाजपा छोड़कर जाने के बजाए कोई और रास्ता नहीं बचा था। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर उन सबके साथ ही सपा मुखिया पर भी हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि ‘जिन्हें डबल इंजन की ट्रेन का टिकट नहीं मिल रहा, उन्हें अपने डग्गामार वाहन का ब्लैक टिकट दे रहे हैं टीपू सुल्तान ! पार्टी के अन्य नेता भी ट्वीट कर ऐसे सभी लोगों पर कड़ा हमला बोल रहे हैं।
दिलीप शुक्ला
