बलिया (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव होने पर इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने जिन सीटों को देने का वादा किया, उन्हें दे देना चाहिए था। इसके बावजूद बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में हराने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ समाजवादी पार्टी है।
जिले में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए शिवपाल यादव ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए सभी सेक्युलर पार्टियां इंडिया गठबंधन के साथ हैं। गठबंधन को प्रधानमंत्री चेहरा चुनने में कोई दिक्कत नहीं होगी। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आजम खान के बेटे अब्दुला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में आजम खां सहित पत्नी और बेटे के जेल जाने पर कहा कि वहां निर्णय तो हुआ है, लेकिन इंसाफ नहीं मिला है। इंसाफ कभी न कभी मिलेगा।
साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खां के साथ खड़ी है। उनसे मिलने हम जेल भी जायेंगे। भाजपा विपक्ष को झूठे केसों में फंसा कर खत्म कर देना चाहती है। कहा कि पिछड़ों एवं विशेष रूप से विपक्ष का पूरे प्रदेश में उत्पीड़न चल रहा है। प्रदेश की समस्याओं पर प्रदेश सरकार का ध्यान नहीं है। केंद्र सरकार के दस साल और प्रदेश सरकार के सात साल में बीजेपी ने जो भी वादा किया, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। अब तक जितनी सरकारें रही हैं। उनमें से सबसे बेईमान सरकार बीजेपी की है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर कहा कि हर व्यक्ति के हृदय में भगवान राम हैं। भारतीय जनता पार्टी के ही नहीं हर कण-कण में राम हैं।
एन पंकज/बृजनंदन
