Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा को रोकने के लिए सपा से गठबंधन हमारी प्राथमिकता : शिवपाल

भाजपा को रोकने के लिए सपा से गठबंधन हमारी प्राथमिकता : शिवपाल

बलिया (हि.स.)। सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा लेकर बलिया पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश के वादे पूरा नहीं करने वाली सरकार को हटाने के लिए किसी भी तरह का त्याग करने के लिए तैयार हैं। वे शनिवार को बांसडीह में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी से गठबंधन हमारी प्राथमिकता है। शिवपाल ने दावा किया कि सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, बिजली, 24 घंटे तथा 300 यूनिट फ्री होगी, प्रदेश में शराब बंद किया जायेगा।

शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण गरीब, किसान, व्यापारी और बेरोजगार युवा परेशान हैं। सरकार की गलत नीतियां देश की एकता व अखंडता को तोड़ रही हैं। महंगाई, नोटबन्दी और जीएसटी के कारण लोग परेशानी झेल रहे हैं। कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने देश की राजनैतिक पार्टियों व आम लोगों से सलाह किये बिना नया कृषि कानून बना दिया है। किसान एक साल से सड़क पर आन्दोलन कर रहा है। सरकार ने प्रतिवर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी और पंद्रह लाख रूपये देने की झूठी बात की। प्रदेश में विकास का कोई कार्य नहीं हो रहा है। सड़क व पुल नहीं बन रहे हैं।

सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कोई अफसर सुनता ही नहीं हैं। तहसील और थाने में भ्रष्टाचार व गुंडाराज से आमलोग त्रस्त हैं। देश मेंं धर्म का विवाद पैदा कर भाई से भाई व जाति से जाति को को लड़ाने का कार्य हो रहा हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रसपा किसान, गरीब व मजदूर के लिए ऐसी नीति लाएंगे कि सभी को लाभ होगा। अगली सरकार प्रसपा की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि बागी बलिया बिगुल फूंक कर इतिहास रचेगा। सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा का दिसम्बर के महीने में अयोध्या में भगवान राम का दर्शन करके सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ यात्रा पूरी होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular