Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा के साथ-साथ सपा को सत्ता में आने से रोकें: मायावती

भाजपा के साथ-साथ सपा को सत्ता में आने से रोकें: मायावती

– उत्तर प्रदेश में बनेगी बसपा सरकार

लखनऊ (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि भाजपा के साथ-साथ सपा को सत्ता में आने से रोकना है। सर्व समाज के लोगों का बसपा को समर्थन है। वर्ष 2007 की तरह ही इस बार उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी। उन्होंने यह बातें बुधवार को लखनऊ के स्मृति उपवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।

मायावती ने कहा कि बसपा उत्तर प्रदेश की सभी विधान सभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। हमारी पार्टी ने पूर्व की तरफ इस चुनाव में भी सर्व समाज के लोगों को टिकट दिया है। इसलिए इस चुनाव में सपा, भाजपा व कांग्रेस को वोट न देकर केवल बसपा को वोट दें। ताकि भाजपा के जातिवादी संकीर्ण व तानाशाही शासन से मुक्ति मिल सके।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दलित व पिछड़ों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बसपा सरकार बनने पर कानून व्यवस्था खराब नहीं होने दी जाएगी। युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। जाति व धर्म के नाम पर शोषण व परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गुंडों माफियाओं का राज था। इसलिए किसी कीमत पर सपा को वोट न दें।

बसपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर को सम्मान नहीं दिया। आजादी के बाद काफी लम्बे समय तक देश व प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ही सरकारें रही हैं। इनकी गलत नीतियों की वजह से यह पार्टी उत्तर प्रदेश व केन्द्र की सत्ता से बाहर हो चुकी हैं।

मायावती ने संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत रविदास ने जाति पांत व भेदभाव को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई। उनका मानना था कि सबको रोजी रोटी, कपड़ा और मकान मिल सके। संत रविदास के सपनों को साकार करने के लिए बसपा सरकार बनाना बहुत जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दो चरणों में जो चुनाव हुआ है, रिजल्ट चौंकाने वाला आएगा। इसलिए पोलिंग बूथ पर जायें वोट डालकर बसपा की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि लखनऊ की हालत बहुत खराब थी। बसपा सरकार बनने के बाद लखनऊ की सूरत बदली।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular