लखनऊ(हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल ने भाजपा के साथ मिलकर 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ने की खबरों का खण्डन किया है। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रवक्ता सुरेन्द्रनाथ नाथ त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के बारे में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर चलाई जा रही है। जबकि सच्चाई यह है कि रालोद लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ नहीं लड़ेगा।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि जयंत चौधरी के अथक प्रयासों से राष्ट्रीय लोकदल को विधान सभा चुनाव 2022 में अभूतपूर्व लोकप्रियता और जनता का स्नेह मिला है। भारतीय जनता पार्टी के लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा चुनाव 2022 से पहले भाजपा द्वारा असीमित प्रलोभन को चौधरी जयंत सिंह ठुकरा दिया तब फिर उनके बारे में भ्रम की स्थिति पैदा करना नापाक साजिश है। चौधरी जयंत सिंह की करनी और कथनी में कोई अन्तर नहीं है और किसानों और नौजवानों तथा मजदूरों और मजलूमों की प्रत्येक समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहना उनका मूलमंत्र है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि चौधरी जयंत सिंह किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के सुपौत्र हैं। वह प्रदेश और देश की सेवा करेंगे तथा सड़क से संसद तक किसानों तथा मजदूरों के साथ साथ आम जनता की सेवा करेंगे।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम की जयंती मनाई गयी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. मसूद अहमद ने उनके चित्र पर मार्ल्यापण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता अनिल दुबे, अनुपम मिश्रा, वसीम हैदर, सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
बृजनन्दन
