Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा के संपर्क में हैं विपक्ष के बड़े नेता, 20 दिसम्बर के...

भाजपा के संपर्क में हैं विपक्ष के बड़े नेता, 20 दिसम्बर के बाद पार्टी में होंगे शामिल : लक्ष्मीकांत वाजपेयी

– हारी हुई सीटों पर मतदान बढ़ाने के लिए जारी है कार्य

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव की अधिसूचना से पहले विपक्ष के तमाम बड़े नेता भाजपा में शामिल होंगे। ऐसे सभी नेता पार्टी के संपर्क में हैं और उन्हें 20 दिसम्बर के बाद पार्टी में शामिल कराया जाएगा। उन सभी नेताओं को लेकर मंथन चल रहा है कि किस नेता के आने पर पार्टी को किस स्तर तक फायदा होगा और पार्टी कार्यकर्ताओं में किसी तरह का अंसतोष नहीं होगा। इसके साथ ही हारी हुई सीटों पर अधिक फोकस है और प्रयास है कि एक—एक सीट पर कम से कम 10 हजार वोट बढ़ाया जाये। यह बातें कानपुर पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सदस्यता कमेटी के चेयरमैन लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कही।

भाजपा के उत्तर प्रदेश सदस्यता कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए इन दिनों कानपुर में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने एक वार्ता में कहा कि पार्टी में आने वालों की लंबी लाइन है, लेकिन पार्टी उपयोगी व साफ सुथरी छवि वाले नेता को ही भाजपा में शामिल करेगी। यह भी देखा जाएगा कि उन पर आपराधिक मामले ना हो और आर्थिक अपराध में लिप्त ना हो। इस पर सवाल किया गया कि बाहर से आने वाले नेताओं के चलते पुराने कार्यकर्ता अपने को असहज मानते हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है पिछले विधान सभा चुनाव में बहुत से नेता पार्टी में आएं और पांच साल तक सामंजस्य बना रहा। इसके बावजूद पार्टी यह भी ख्याल रखेगी कि किस नेता के आने से पार्टी को लाभ मिलेगा और उस नेता के साथ कितने लोग जुड़े हैं जो भाजपा के पक्ष में मतदान करा सकते हैं। इन सभी बातों को लेकर मंथन चल रहा है और पार्टी के हित में जो नेता फिट बैठेगा उसी को ही लिया जाएगा।

350 सीटें जीतने का है लक्ष्य

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पांच साल में जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में विकास का पहिया तेजी से घूमा और अपराध पर अंकुश लगाया गया उससे जनता भाजपा को ही आशा भरी निगाहों से देख रही है। पार्टी ने हारी हुई सीटों पर अधिक फोकस किया है और उन सभी प्रति सीटों पर कम से कम 10 हजार वोट बढ़े, इस पर कार्य किया जा रहा है। बाहरी नेताओं को पार्टी में लेने पर यह बिन्दु अहम रहेगा। इस प्रकार पार्टी ने लक्ष्य रखा है कि अबकी बार 350 सीटों पर जीत होना चाहिये।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular