भाजपा का 3 दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रारम्भ
हरदोई(हि.स.) भारतीय जनता पार्टी का जिला प्रशिक्षण वर्ग दयानंद एंग्लो वैदिक इंटर कॉलेज, पिहानी चुंगी में आज से शुरू हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के आगाज पर जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्र ने बताया कि भाजपा प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओ के लिए एक संस्कारशाला है, जिसकी आंच में तैयार होकर वैचारिक रूप से मज़बूत होता है, समाज और देश सेवा का भाव ग्रहण कर स्वर्णिम भविष्य के कार्य में जुट जाते हैं। भाजपा हरदोई का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आगामी 1 मई तक चलेगा। तीन दिन में विभाजित कुल 15 सत्रों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
उदघाटन सत्र में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने भाजपा का इतिहास और विकास पर कायकर्ताओं को उद्बोधन दिया। सत्र में विषय 2015 के बाद आया युगांतकारी परिवर्तन पर जिला प्रभारी प्रकाश पाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए। कांग्रेस की एकाधिकार वाली एक-दलीय लोकतान्त्रिक व्यवस्था के रूप में जानी जाने वाली भारतीय राजनीति को भारतीय जनता पार्टी ने दो ध्रुवीय बनाकर एक गठबंधन-युग के सूत्रपात में अग्रणी भूमिका निभाई है। देश में विकास आधारित राजनीति की नींव भी भाजपा ने विभिन्न राज्यों में सत्ता में आने के बाद तथा पूरे देश में भाजपा नीत राजग शासन के दौरान रखी। आज तीन दशक बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसी एक पार्टी को देश की जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है तथा भारी बहुमत से भाजपा नीत राजग सरकार केन्द्र में विद्यमान है।
जिले के प्रशिक्षण वर्ग में जिले में निवास करने वाले भाजपा के प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारी, भाजपा जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिला अध्यक्ष और महामंत्री, जिला प्रकोष्ठ एवं विभाग के संयोजक, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण, सांसदगण, नगरपालिका, नगरपंचायत अध्यक्षगण भाग लेंगे। वर्ग के संचालन के लिए वर्ग प्रमुख, कार्यक्रम प्रमुख, सह कार्यक्रम प्रमुख, नियंत्रक, सह नियंत्रक, व्यवस्था प्रमुख, सह व्यवस्था प्रमुख के रूप में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
अम्बरीष
