Tuesday, March 31, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलभाजपा के लिए लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी सीट हुई आसान, प्रभावी कर्मचारी...

भाजपा के लिए लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी सीट हुई आसान, प्रभावी कर्मचारी संगठनों का मिला समर्थन

-स्नातक एमएलसी सीट के लिए भाजपा से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह हैं मैदान में
-विधि मंत्री ब्रजेश पाठक के बंगले पर जुटे संगठनों के पदाधिकारी  

लखनऊ (हि.स.)। विधान परिषद चुनाव के सियासी दांवपेंच के बीच भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ी सफलता मिली है। कर्मचारियों के कुछ असर वाले नामी संगठनों ने भाजपा के लखनऊ खंड के स्नातक उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह के पक्ष में समर्थन की घोषणा की है।
दरअसल, सूबे के विधायी एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने कर्मचारियों के बीच गहरा असर रखने वाले कुछ संगठनों के पदाधिकारियों को विचार-मंथन के लिए बुलाया था। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय, उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रामराज दुबे, लोक निर्माण विभाग संघ के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह यादव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडे, राज्य कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हरि शरण मिश्रा सरीखे अनगिनत जाने-पहचाने चेहरे शामिल थे। 
सभी ने इसी सभा में लखनऊ खंड के स्नातक एमएलसी उम्मीदवार इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह के समर्थन का सामूहिक ऐलान कर दिया।
लखनऊ खंड की स्नातक एमएलसी सीट के लिए एक दिसम्बर को लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, प्रतापगढ़, रायबरेली और लखीमपुर-खीरी में वोट डाले जाएंगे। इस सीट के लिए ही कुल चौबीस उम्मीदवार मैदान में हैं। लेकिन, शायद यह पहली बार है कि भाजपा ने खासतौर से लखनऊ खंड के स्नातक एमएलसी चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा बना लिया है। नतीजा यह कि सरकार और संगठन एक साथ विजय अभियान में जुट गये हैं।
लखनऊ खंड की स्नातक एमएलसी सीट से भाजपा ने युवा नेता इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। अवनीश सिंह सामाजिक-शैक्षिक-राजनैतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। बीते कई सालों से वह संघ और भाजपा संगठन में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। राजधानी से जुड़ी सीट होने के चलते यहां की जीत-हार सरकार और संगठन के लिए खासा मायने रखती है, लिहाजा पार्टी ने कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्रियों-सांसदों-विधायकों तक को जीत की जिम्मेदारी सौंप दी है। रणनीति खुद उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बना रहे हैं। 
लखनऊ खंड निर्वाचन सीट के लिए लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर-खीरी, बाराबंकी और प्रतापगढ़ के स्नातक मतदाता एक दिसम्बर को मतदान करेंगे। जिन उम्मीदवारों को मतदाता पसंद करेंगे उनके नाम के आगे पसंद का संख्या क्रम लिख देंगे, इसीलिए हर उम्मीदवार अपने नाम के आगे मतदाताओं से 1 लिखवाना चाहता है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular