Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा के लिए कार्यकर्ता महत्वपूर्ण, अन्य दलों में वंशवाद का बोलबालाः भूपेंद्र...

भाजपा के लिए कार्यकर्ता महत्वपूर्ण, अन्य दलों में वंशवाद का बोलबालाः भूपेंद्र चौधरी

गाजियाबाद (हि.स.)। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी ने अपनी पहली बैठक का आगाज गुरुवार को पश्चिम क्षेत्र के गाजियाबाद से किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम की क्षेत्रीय समिति, सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठन के नेतृत्व में चलाए गए अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ता का महत्व समझती है। साधारण कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ाती है। अन्य पार्टियों पर अगर नजर डालें तो उनके यहां वंशवाद का बोलबाला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आवाहन किया कि आने वाले चुनावों के मद्देनजर हमें परिसीमन पर अपनी नजर रखनी चाहिए तथा जनता के लिए सुरक्षा, बिजली, पानी और सड़क के सरकार के कामों की चर्चा सार्वजनिक स्थानों पर होनी चाहिए क्योंकि हमारी सरकार उत्तर प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य करती है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सरकारों ने शुगर मिल बेची जबकि हमारी सरकार ने कोरोना जैसी बीमारी में भी शुगर मिलों को बचाने का काम किया और चलाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज सरकार नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में भाजपा प्रदेश में हारी हुई सीटों पर भी जीत दर्ज करेगी। भाजपा हमेशा संगठन के विस्तार और भाजपा सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य करती है।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने कहा कि हमें अपने मंडलों को आदर्श और सशक्त मंडल बनाना होगा। अपनी बूथ समितियों को सक्रिय रखने के लिए संगठन द्वारा चलाए गए कई आयामों की पुनरावृत्ति होती रहनी चाहिए। उन्होंने मन की बात और संगठन द्वारा प्रस्तावित महापुरुषों की जयंती को बूथ पर मनाने पर जोर दिया। उन्होंने चुनाव के मद्देनजर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति पर बल देते हुए कहा कि पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति शत प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होंने आगामी 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा तथा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती जैसे विभिन्न कार्यक्रमों को शक्ति केंद्र पर मनाने का भी आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने तथा संचालन महामंत्री हरीश ठाकुर ने किया। बैठक में राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम, सुनीता दयाल, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह व मंत्री चंद्रमोहन उपस्थित रहे।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular