– भाजपा को घेरने में जुटे सपा के कार्यकर्ता, शहर भर में हो रही चर्चा
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव नजदीक आता देख भाजपा पूरी तरह से सपा को घेरने में जुट गई है। भाजपा ने फर्क साफ है का नारा दिया और जगह-जगह होर्डिंग्स लगवाकर सपा सरकार एवं भाजपा सरकार के कार्यों की तुलना की जाती है। ऐसे में सपा कार्यकर्ताओं ने उसी अंदाज में भाजपा को घेरने के लिए महंगाई को मुद्दा बनाकर फर्क साफ है की होर्डिंग्स शहर में लगवा दी, जिसकी चर्चा शहर भर में हो रही है।
उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी विकास और कानून व्यवस्था आदि मुद्दों के सहारे दोबारा सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। पिछली सरकारों की तुलना के लिए फर्क साफ है नारे के साथ जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा होर्डिंग्स लगाई जाती हैं। जिसमें राम मंदिर से लेकर कानून व्यवस्था और विकास की तुलना पिछली सरकार से की जा रही है। इससे पार्टी के पक्ष में माहौल बरकरार है। लेकिन अब सपा ने फर्क साफ है के नारे को ही हथियार बनाकर भाजपा को घेरने का काम शुरू कर दिया है।
शहर में कई जगहों पर सपा कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग्स लगवाई जिसमें साफ लिखा है कि फर्क साफ है। पिछली सरकार और भाजपा सरकार की तुलना मंहगाई, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, किसानों के मामलों आदि से की गई है। उन सभी वस्तुओं को होर्डिंग्स में जगह दी गई है जिनमें बेतहासा वृद्धि हुई है। इस तरह की होर्डिंग्स की चर्चा शहर भर में तेज हो गई है और सपा के पदाधिकारी खुश नजर आ रहे हैं।
अजय
