वाराणसी (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश व्यापी निकाली गई जन विश्वास यात्रा के समर्थन में मंगलवार को काशी में दिव्यांग जनों ने चेतना यात्रा निकाली। भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ की पहल पर रविंद्र पुरी स्थित बाबा कीनाराम स्थली से निकली यात्रा लंका स्थित बीएचयू के सिंहदयार पर जाकर विराम ली।
यात्रा में शामिल दिव्यांग पूरे राह एक बार फिर योगी सरकार के गगनभेदी नारे लगा रहे थे। भाजपा का झंडा, बैनर लहराते हुए दिव्यांग कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए माहौल बना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की जमकर प्रशंसा की। यात्रा का नेतृत्व दिव्यांग आइकॉन शिखा रस्तोगी ने किया।
यात्रा के समापन पर प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ उत्तम ओझा ने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत से उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी। जिसमें दिव्यांग वोटों की भूमिका निर्णायक होगी। पूरे प्रदेश में दो करोड़ दिव्यांग मतदाता है, जो पार्टी के साथ हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पेंशन को 500 से 1000 बढ़ाकर दिव्यांग जनों को उपहार देने का काम किया है। इससे उनके जीवन में बहुत बुनियादी परिवर्तन आया और वह सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक मदन मोहन वर्मा ने कहा कि एकमात्र हमारी पार्टी है जिसने प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रकोष्ठ का गठन किया है। तथा उनके राजनैतिक रूप से सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। यात्रा में महानगर संयोजक डॉ संजय चौरसिया,सह संयोजक विजय पांडेय,जिला संयोजक संतोष पांडेय, प्रदीप राजभर, बृजेश सिंह, जगन्नाथ ओझा आदि शामिल रहे।
श्रीधर
