लखनऊ(हि.स.)। मतगणना के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने जीते हुए उम्मीदवारों को बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के खिलाफ जीते सभी उम्मीदवारों को बधाई देकर विपक्षी एकता का संदेश देने की कोशिश की है। इससे पहले शनिवार को सिर्फ कर्नाटक में भाजपा की हार पर कटाक्ष किया था।
रविवार को दोपहर बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, “नगर निकाय चुनावों में जीते सपा के सभी प्रत्याशियों व भाजपा के ख़िलाफ़ लड़कर जीते सभी ‘अन्य’ प्रत्याशियों को भी हार्दिक बधाई! नगरों से थोड़ा बाहर आते ही, हर हथकंडे अपनाकर भी भाजपा बुरी तरह हारी है।” उन्होंने भाजपा के जीते सभी उम्मीदवारों को बधाई देकर एकता का संदेश देने की कोशिश की है। इसके साथ ट्वीट को रीट्वीट कर यह बताने की भी कोशिश की है कि भाजपा भले जीती है, लेकिन पिछली बार की अपेक्षा सपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। लोग अब समाजवादी पार्टी की तरफ रूख कर रहे हैं।
शनिवार को चुनाव परिणामों के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट किया था, “कर्नाटक का संदेश ये है कि भाजपा की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, अमीरोन्मुखी, महिला-युवा विरोधी, सामाजिक-बँटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का ‘अंतकाल’ शुरू हो गया है। ये नये सकारात्मक भारत का महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार व वैमनस्य के ख़िलाफ़ सख़्त जनादेश है।”
उपेंद्र/बृजनंदन
