प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ही पूरे देश एवं उप्र का समुचित विकास : एके शर्मा
— मिशन-2022 की चुनौती को अवसर में बदलना होगा
सुलतानपुर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईएस ए.के.शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ही पूरे देश एवं उत्तर प्रदेश का समुचित विकास हो सकता है। वर्तमान सरकार विकास के साथ-साथ रामराज्य की भी चिन्ता करती है। भाजपा की सरकार ही रामराज्य की स्थापना कर सकती है।
– सुलतानपुर से है गहरा नाता
श्री शर्मा ने कहा कि मैं बहुत सौभाग्यशाली हूँ जो मुझे एक साथ पाँच पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान जिलाध्यक्ष समेत अनेकों वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद मिल रहा है। यह कई पीढ़ियों का मेल है जो बहुत ही बड़ी बात है। एक अधिकारी से नेता बनने के बाद भाजपा नेताओं ने मुझे जो स्नेह एवं आशीर्वाद दिया है, अतुलनीय है। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन करने के बाद उसका सत्यापन तक करते हैं, तब जाकर संगठन मजबूत होता है। मैं ऐसे देवतुल्य कार्यकर्ताओं का नमन करता हूँ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिमाएं तो बनी हैं लेकिन वहां तक जाने के लिए, आमजन के उपयोग के लिए सही रास्ते नहीं बने हैं। जब मैं गुजरात में था तो वहां पीने के लिए पानी नहीं मिला करता था। पशुओं के लिए चारा नहीं मिलता था। वहां मैंने सरकार के सहयोग से पानी की किल्लत को पूरे गुजरात प्रदेश से दूर किया। लेकिन जब मैं अपने घर अपने राज्य में आया तो यहां के रुके विकास को देखकर हृदय विचलित हो जाता है।
— लम्भुआ विधायक देवमणि द्विवेदी के पिताजी के निधन पर उनके घर शोक संवेदना
श्री शर्मा एमएलसी एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने शनिवार को जिले के लम्भुआ में विधायक देवमणि द्विवेदी के घर जाकर उनके पिताजी के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त किये एवं उनके पूरे परिवार का ढांढस बढ़ाया। उन्होंने जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा भाजपा की सरकार ही विकास के साथ रामराज्य की स्थापना कर सकती है।
इस मौके पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.एमपी सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडे, गिरीश नारायण सिंह, अर्जुन सिंह, डाॅ सीताशरण त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, सुमन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, प्रवीन कुमार अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश जायसवाल, आनन्द द्विवेदी, प्रीति प्रकाश, सुनील वर्मा, संदीप सिंह व ब्लाक प्रमुख शिव कुमार सिंह सहित जिला पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
