Saturday, March 28, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलभाजपा की मुश्किलें बढ़ रहीं : अखिलेश यादव

भाजपा की मुश्किलें बढ़ रहीं : अखिलेश यादव

अयोध्या(हि. स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को अयोध्या पहुंचे तो भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की मुश्किलें बढ़ रही हैं। लोगों ने देखा होगा कि योग दिवस पर कैसे पूरी सरकार डगमगा रही थी। भाजपा का डगमगाना शुरू हो गया है।

अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में एनसीपी के टूटने पर कहा कि भाजपा इस तरह का प्रयोग करती रही है। भाजपा हमेशा कहती रही है कि भ्रष्टाचार खत्म होगा, क्या पार्टियों को तोड़ना भ्रष्टाचार नहीं है। बोले विधायकों को किस तरह का लाभ दिखा कर अपने साथ ले जाते हैं। लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए भाजपा काम करती रहती है।

ओम प्रकाश राजभर के विधायक टूटने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा मीडिया मैनेज करने वाली भाजपा अब नेता भी मैनेज करने लगी है। उन्होंने कहा इसलिए खुद का चैनल और एक नेता तैनात कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनादेश का अपमान करने वाली पार्टी है।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में चरम सीमा पर महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है। भाजपा वाले कितना भी जोड़ तोड़ कर लें अब इनको जाना है। जनता ने मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि कल ही दक्षिण के दौरे पर था। लगातार समान विचार धारा वाले दलों के नेताओं से बातचीत हो रही है। 2024 में सपा और सहयोगी दलों की ऐतिहासिक जीत होगी। वरुण गांधी को सपा के टिकट पर लड़ाने के सवाल पर कहा जो अच्छा चेहरा होगा उसे समाजवादी पार्टी लड़ाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष तेजी से मजबूत हो रहा है।

मंदिर का निर्माण होने के बाद वे रामलला का दर्शन जरूर करेंगे। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव की तेरहवीं पर श्रद्धांजलि दी। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय के यहां भी उनकी दिवंगत पत्नी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने रौनाही में वरिष्ठ नेता हाजी फिरोज खान गब्बर के यहां लोगों से मुलाकात की। यहां उन्होंने 40 मिनट से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के हौसले से ही चुनाव जीता जाता है। इसलिए हौसला बरकरार रखें। उन्होंने सपा नेता के परिवार से मुलाकात कर एक चंदन का पौधा भी रोपित किया।

इस मौके पर आल इंडिया सुन्नी जमीयत ए उलेमा के सदर सैय्यद मोईन अशरफ, कारी जलालुद्दीन, मौलाना अय्यूब, ज़िलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, बीकापुर विधानसभा के प्रभारी एजाज़ अहमद, विधानसभा अध्यक्ष अजय वर्मा, कृष्ण कुमार पटेल, राम प्रताप यादव, भदरसा नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद राशिद, जुग्गी लाल यादव, रुदौली चेयरमैन जब्बार अली, वकार अहमद, खुर्शीद अहमद, एशात खान, आज़ाद सिद्दीकी समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पवन पाण्डेय/बृजनंदन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular