लखनऊ (हि.स.)। देश की दो तिहाई जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ है। भाजपा की नीतियों, महंगाई, शासन व्यवस्था से जनता त्रस्त है। इसीलिए भाजपा का सत्ता से बाहर होना जरूरी है।
यह बातें कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने गए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कही। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी विपक्षी दलों के प्रमुख यहां इकठ्ठा हुए हैं।
बेंगलरु में आयोजित इस बैठक में करीब 26 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए हैं। इस बैठक में विपक्षी गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) रखने की घोषणा की गई है। इस पर उपस्थित सभी दलों के प्रमुखों ने सहमति जताई है। विपक्षी दलों ने कहा कि 2024 चुनाव में एनडीए बनाम इंडिया होगा।
मोहित वर्मा/सियाराम
