Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा की गलत नीतियों से देश और प्रदेश की जनता परेशान :...

भाजपा की गलत नीतियों से देश और प्रदेश की जनता परेशान : शिवपाल

जौनपुर (हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव ने बुधवार को मल्हनी विधानसभा के रीठी स्थित राज कुमार यादव बालिका इंटर कॉलेज में सपा प्रत्याशी के समर्थन में एक चुनावी जनसभा में कहा कि भाजपा शासन में देश व प्रदेश की जनता परेशान है। इनकी गलत नीतियों की वजह से गरीबी, बेरोजगारी, मंहगाई, आतंक और भ्रष्टाचार चरम पर है। चुनाव के पहले जनता से किया गया एक भी वायदा पूरा नही किया गया। किसान युवक व्यापारी सभी वर्ग के लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा इनकी गलत कृषि नीति के कारण किसान दिल्ली की सड़कों पर साल भर से अधिक समय तक सर्दी,गर्मी बारिश झेलते रहे। इनके मंत्री के बेटे ने अपनी कार से चार किसानों को कुचल दिया, फिर भी उस मंत्री से इस्तीफा नहीं मांगा गया। बाबा ने गायों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ दिया। इनकी नीतियों से भाजपा के बड़े नेताओं को लाभ जरुर पहुंचा है। नोटबन्दी व जीएसटी से गुजरात के दो बड़े पूंजीपतियों को आर्थिक लाभ पहुंचा है। इनकी तरक्की से क्या देश व प्रदेश की तरक्की हो सकती है। हमारी सरकार में मल्हनी में तीन पुल बने, सड़कें बनायी गयी। इसके बाद से मल्हनी व जौनपुर में कोई नया विकास कार्य नहीं हुआ। कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो समाजवादी पेंशन शुरू की जाएगी। हर परिवार में एक बेटे व बेटी को सरकारी नौकरी दी जायेगी। नहर ट्यूबबेल की सिंचाई निःशुल्क हमने ही किया था। अब गांवों को चौबीस घंटे मुफ्त बिजली दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब तक हमारी सरकार थी कभी खाद की कमी नही पड़ी। इस सरकार ने 50 किलो की बोरी को 45 किलो में बदल दिया। दाम भी बढ़ा दिए। किसानों को खाद तो नही मिलीं पर कड़ी धूप में लाठी डंडे जरूर खाने को मिले। कहा कि 2022 के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ करना है। उप्र में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। कहा कि जौनपुर में अराजकता पैदा नही होने देंगे। अराजकतत्वों व गुंडई करने वालो को जौनपुर व मल्हनी से भगा देना। सात तारीख को साइकिल का बटन इतना दबा देना कि मल्हनी की जीत प्रदेश में इतिहास बन जाये। कई बार हराया है फिर हरा देना।

विश्व प्रकाश

RELATED ARTICLES

Most Popular