-30 हजार माध्यमिक विद्यालयों के बुनियादी ढांचे का नवीनीकरण होगा
-हर मण्डल में कम से कम एक विश्वविद्यालय बनेगा
लखनऊ (हि.स.)। भाजपा ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 में अगले पांच वर्षों में माध्यमिक और उच्च शिक्षा की तस्वीर बदलने का वादा किया है। माध्यमिक स्कूलों को स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा की कसौटी पर कसा जाएगा। इसके लिए माध्यमिक विद्यालय नवीनीकरण मिशन की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत तहत प्रदेश के 30 हजार माध्यमिक विद्यालयों के बुनियादी ढांचे का नवीनीकरण किया जाएगा। ऑडियो-वीडियो प्रोजेक्टर के साथ स्मार्ट क्लास रूम और पुस्तकालय का निर्माण होगा। कम्प्यूटर लैब, साइंस लैब और आर्ट रूम के निर्माण के साथ वाई-फाई की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक मण्डल में एक विश्वविद्यालय स्थापित करने का वादा किया है।
भाजपा के संकल्प पत्र में कहा गया है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर मण्डल में कम से कम एक विश्वविद्यालय हो। अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं वर्ल्ड क्लास सुविधाओं के साथ विश्वविद्यालयों निर्माण होगा। अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में विश्वविद्यालय महाराजा सुहेलदेव, सहारनपुर में मां शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय, लखनऊ में यूपी इंस्टीट्यूट ऑफ पुलिस एंड फॉरेंसिक साइंस, अयोध्या में आयुर्वेद के लिए आयुष शैक्षणिक संस्थान, गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय, प्रयागराज में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नेशनल लॉ विश्वविद्यालय और मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा होगा।
हायर एजुकेशन के लिए रेनोवेशन मिशन शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेश के कॉलेजों (आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक समेत) के बुनियादी ढांचे का नवीनीकरण किया जाएगा। प्रत्येक महाविद्यालय में स्मार्ट क्लास रूम की व्यवस्था की जाएगी। लखनऊ एवं नोएडा में डिजिटल अध्ययन अकादमी की स्थापना की जाएगी।
वहीं ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के अनुकूल फर्नीचर जैसे टेबल, बेंच आदि उपलब्ध कराए जाएंगे और स्मार्ट विद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा। सभी महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवन गाथाओं को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। ढाई हजार करोड़ की लागत के साथ विश्वकर्मा तकनीकी उन्नयन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेश के हर ब्लॉक में एक आई.टी.आई. की स्थापना की जाएगी। सभी महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवन गाथाओं को शैक्षिक पाठयक्रम में शामिल किया जाएगा।
दिलीप शुक्ला
