लखनऊ (हि.स.)। भाजपा का दलित व पिछड़ा वर्ग से प्रेम महज वोट तक सीमित है। कांग्रेस वंचित वर्ग के हक और इंसाफ के लिए लड़ेगी और इन छात्रों का हर तरह से सहयोग और समर्थन करेगी। पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा भी शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों की अनदेखी किया जाना माना गया है, इसके बावजूद सरकार अभ्यर्थियों की बातों पर ध्यान नहीं दे रही है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को कही।
पिछड़ा वर्ग विभाग उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन मनोज यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीब तबके विशेषकर पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों से उनको वंचित करना चाहती है और उत्तर प्रदेश सरकार में बैठे लोग दलित और पिछड़ा विरोधी है। इसलिए इन वर्ग के छात्रों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया जा रहा है और जेलों में डाला जा रहा है। पिछड़े और वंचित तबके के लोग अपने हक और अधिकार के लिए सरकार से लड़ेंगे और पिछड़ा वर्ग विभाग इस लड़ाई में इन अभ्यर्थियों के साथ हर तरह का सहयोग करेगा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय की हत्या नहीं होने देगी और किसी भी पीड़ित का अधिकार नहीं छीनने नही दिया जाएगा।
मनोज यादव ने कहा कि देश के स्तर पर जिस प्रकार से पिछड़े वर्ग के लोगों को मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम डेट में आरक्षण नहीं दिया जा रहा है और लगभग 4 सालों में 40000 सीटों जो पिछड़े वर्ग की थी उन्हें प्रदान नहीं किया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में केंद्र से लेकर राज्य सरकारें पिछड़े दलित और आदिवासी तबकों के हक के साथ खिलवाड़ कर रही है और इन वंचित वर्गों के सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक उन्नयन में बाधक बनी है।
