बस्ती (हिस.)। वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा एक-एक कदम फूंक-फूंक कर रख रही है। भाजपा का शीर्ष प्रबंधन इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि उसका कोई भी ”चुनावी वॉर” खाली न जाए। यहीं वजह है कि एक-एक वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने अब गांव का भी रुख करने की योजना बना डाली है। मिशन-2024 को फतह करने के लिए बिछायी जा रही चुनावी बिसात के तहत भाजपा ने ”गांव चलो अभियान” पर पूरा फोकस कर दिया है। इसी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लोकसभा कलस्टर प्रभारी पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि अभियान के तहत सरकार और संगठन के पदाधिकारी गांवों में 24 घंटे प्रवास करेंगे। गांव के एक-एक वोटरों को जहां साधेंगे। वहीं, इस बात का भी आंकलन करेंगे कि कौन सा वोटर गैर भाजपा दल की तरफ रुख कर सकता है। ऐसे वोटरों को चिह्नित कर अपने पाले में करने के लिए भी रणनीति पर भी भाजपा का शीर्ष प्रबंधन काम कर रहा है। हम सभी लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि किस प्रकार से अधिक से अधिक संख्या में वोट हम लोगों को मिले।हर एक बूथ हमें जितना है।यह प्रयास हम सभी को मिलकर करना है।
प्रदेश प्रवक्ता/जिला प्रभारी समीर सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत की पहचान वैश्विक पृष्ठभूमि पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर देश के रूप में बनी है। मोदी सरकार ने महिलाओं, गरीबों, आदिवासी और पिछड़ों के कल्याण के लिए दर्जनों प्रभावी योजनाओं को क्रियान्वित किया है। चार से 11 फरवरी तक चलने वाले गांव चलो अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता गांवों में 24 घंटे प्रवास कर लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि इस समय पूरा देश राममय हो गया है ।लोगों में भाजपा के प्रति एक अलग ही लगाव देखने को मिल रहा है।आज घर-घर में जनकल्याणकारी योजना दिख रही है।पूरा विश्व आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व की सराहना कर रहा है।जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि गांव चलो अभियान के माध्यम से हमें अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना है।साथ ही जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचें, हमें इसका प्रयास करना है।
महेंद्र/सियाराम
