Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा का गरीबों, पिछड़ों और सर्वसमाज के साथ गठबंधन: धर्मेंद्र प्रधान

भाजपा का गरीबों, पिछड़ों और सर्वसमाज के साथ गठबंधन: धर्मेंद्र प्रधान

मेरठ(हि.स.)। भाजपा के उप्र के विधानसभा चुनावों के प्रभारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उप्र में विपक्षी दलों का गठबंधन कोई नई बात नहीं है। 2019 में इससे भी बड़ा गठबंधन हुआ था। भाजपा का गरीबों, पिछड़ों और सर्वसमाज के साथ गठबंधन हो चुका है। जनता कानून का राज चाहती है। भाजपा को पहले से भी प्रचंड जीत हासिल होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी जिम्मेदारियों का निवर्हन करने में जुट जाने का आह्वान किया।

मेरठ में शुक्रवार को परतापुर बाईपास स्थित एक रिसोर्ट में मेरठ जिला, मेरठ महानगर, हापुड़ और बागपत जिले की 13 विधानसभा सीटों की चुनाव प्रबंध समिति की बैठक हुई। भाजपा के उप्र चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पश्चिम उप्र में चुनाव के लगभग 55-60 दिन शेष हैं। अन्य विपक्षी दल चुनाव को हिंदू-मुस्लिम करने पर लगे हुए हैं। जबकि हम सर्वसमाज के लिए काम करते हैं। हमने 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनावों में सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी संगठन की वजह से जीत हासिल की। चुनाव की रणभेरी बज गई है सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन काल में किस तरह से गुंडों, माफियाओं व बदमाशों का बोलबाला था। वह जो चाहते थे, करते थे, लेकिन गुंडे-बदमाशों की क्या हालत है? यह मुझे बताने की जरूरत नहीं है। योगी का नाम सुनते ही सारे गुंडे, बदमाश थरथर कांपते हैं। माफियाराज समाप्त होने से सकारात्मक माहौल बना है।

कहा कि कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सराहनीय कार्य के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बधाई के पात्र है। कानून व्यवस्था बेहतर होने का परिणाम है कि दुनिया के तमाम देशों से निवेश करने के लिए लोग उप्र में आ रहे हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों को अन्नदाता मानती है, किसान को हमने दूसरा भगवान माना है। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल एवं संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया।

बैठक में प्रदेश के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पिछली बार उत्तर प्रदेश में ढाई करोड़ सदस्य बने थे। हमें पूरे प्रदेश में अबकी बार डेढ़ करोड़ सदस्य और जोड़ने हैं। उप्र में सदस्यता संख्या 04 करोड़ तक पहुंचानी है। हम विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सदस्य हैं। 27 और 28 नवंबर को विशेष सदस्यता अभियान को लेकर कार्य करना है।

मेरठ जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि 2022 में सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए पहले से भी बड़ी जीत हासिल करेंगे। योगीजी ने कहा कि 2022 का चुनाव गन्ने की मिठास को लेकर चलेगा, जिन्ना वादियों की विचारधारा को नकारेगा। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्नचिन्ह लगाने वालों को जनता भली-भांति समझ चुकी है। कार्यकर्ता भारत माता की जय का उद्घोष करते हुए जुट जाएं।

बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद अश्विनी त्यागी, प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन, प्रदेश सह प्रभारी एवं करनाल के सांसद संजय भाटिया, मेरठ महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular