मेरठ (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र रक्षा करता रहा है। 2022 के चुनावों में भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी को विजय दिलाएगा। पश्चिम उप्र के 14 जिलों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को उनकी ताकत याद दिलाते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से आया व्यक्ति भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है। यह केवल भाजपा में संभव है, किसी परिवारवादी पार्टी में नहीं।
मेरठ के सुभारती विवि में शनिवार को पश्चिम क्षेत्र के 14 जिलों के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया गया। लगभग 25 हजार बूथ अध्यक्षों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने संबोधित किया। जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोना काल में केवल भाजपा कार्यकर्ता ही लोगों की सेवा करने के लिए मैदान में उतरे। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाया तो मरीजों तक ऑक्सीजन आदि सामान पहुंचाया, जबकि विपक्षी कोरोना काल में छिप गए थे। भाजपा प्रजातंत्र की पार्टी है। पार्टी की पहचान विपरीत परिस्थितियों में होती है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में आए लोग साधारण परिवार के लोग है। साधारण परिवार से आया व्यक्ति भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है, ये केवल भाजपा में ही संभव है। यह संभव है कि यहां बैठा कार्यकर्ता भी भाजपा का नेतृत्व करने के लिए आगे आएगा। भाजपा में ही संभव है कि नड्डा जैसा व्यक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। दिनेश शर्मा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बने, यह भाजपा में ही हो सकता है।
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि बाकी पार्टियों में नेता बनने के लिए किसी का भाई, बेटा, भतीजा, चाचा होना आवश्यक है। एक पार्टी के नेता तो अपने चाचा को भी बख्शने को तैयार नहीं है। जम्मू-कश्मीर से शुरू करके हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र, बंगाल सभी जगह क्षेत्रीय पार्टियां परिवारवाद की पार्टियां बन चुकी है। हर पार्टी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। केवल भाजपा ही प्रदेश और देश के विकास की राजनीति कर रही है।
गन्ना हमारा और जिन्ना उनका
जेपी नड्डा ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि गन्ना हमारा है और जिन्ना उनका है। बसपा मुखिया मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चीनी मिलें बेची और बंद कराई। जबकि योगी आदित्यनाथ ने बंद चीनी मिलों को चालू कराया। अन्य पार्टियां जाति, धर्म और जिन्ना को साथ लेकर चलती है। केवल भाजपा ही देख को एक रखने और अखंड बनाने के प्रयास में है।
अमेरिका हमसे शक्तिशाली, लेकिन कोरोना में रहा असहाय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 130 करोड लोगों की जान भी बचाई और बाकी दुनिया का भी ध्यान रखा। अमेरिका हमसे ज्यादा शक्तिशाली और स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर है, लेकिन कोरोना काल में असहाय हो गया। पहले देश में टीका पहुंचने में 20 साल लग जाते थे, लेकिन मोदीजी ने केवल नौ महीने में कोरोना टीका लोगों तक पहुंचाया। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन को मोदी टीका, भाजपा टीका कहने वाले लोग अब खुद टीका लगवा रहे हैं। लाल टोपी जल्दी ही केसरिया हो जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रदेश के पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, कपिल देव अग्रवाल, दिनेश खटीक, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, सांसद सत्यपाल सिंह, सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक सत्यवीर त्यागी, डॉ. सोमेंद्र तोमर, सत्यप्रकाश अग्रवाल, संगीत सोम, जितेंद्र सतवाई, गजेंद्र शर्मा, आलोक सिसोदिया आदि उपस्थित रहें।
कुलदीप
