Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा कार्यकर्ताओं का कंकरखेड़ा थाने में हंगामा

भाजपा कार्यकर्ताओं का कंकरखेड़ा थाने में हंगामा

मेरठ (हि.स.)। दबिश के नाम पर पुलिस पर आरोपित के घर तोड़फोड़ करने और परिजनों से मारपीट के आरोप लगे हैं। इसके विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कंकरखेड़ा थाने में हंगामा किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यवाहक थाना प्रभारी के साथ तीखी नोक-झोंक हुई। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को छोड़ दिया।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगला ताशी निवासी सोनू सैफी ने शिवलोक पुरी निवासी नवीन पर पांच लाख रुपचे की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए सोमवार शाम थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सोमवार देर रात नवीन के घर पर दबिश दी। परिजनों का आरोप है कि दबिश के नाम पर पुलिस ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और उनके साथ मारपीट करते हुए अभद्रता की। इसके साथ ही मकान के बाहर लगे सीसीटीवी, डीवीआर, मोबाइल व लैंडलाइन फोन भी तोड़ दिए। मंगलवार को इसका पता चलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा शुरू कर दिया।

उन्होंने पुलिस पर आरोपित के घर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया। आरोपित के परिजनों का कहना है कि नवीन और सोनू प्रॉपर्टी का काम करते थे। सोनू ने धोखाधड़ी करते हुए सरधना रोड स्थित किंग्स पार्क कॉलोनी के 140 गज के मकान को 70 लाख रुपये में बेच दिया था। इसके बाद से ही नवीन सोनू से अपने पैसे मांग रहा था। सोनू पैसे देने में आनाकानी कर रहा था। सोमवार शाम को सोनू ने रंगदारी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को छोड़ दिया। सीओ दौराला अभिषेक पटेल के मुताबिक, आरोपित युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पुलिस पर तोड़फोड़ का आरोप गलत है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular