वाराणसी (हि.स.)। जैसे-जैसे निकाय चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे वोटरों को रिझाने के लिए विभिन्न दलों के पार्षद एवं महापौर पद के उम्मीदवार प्रचार अभियान में तेजी दिखा रहे हैं। मंगलवार को भाजपा के महापौर पद के उम्मीदवार अशोक तिवारी ने शिवपुर तरना इलाके में पार्टी के पार्षद पद के प्रत्याशी रोहित मिश्रा के साथ जनसम्पर्क कर लोगों से समर्थन मांगा।
इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की महापौर पद की उम्मीदवार शारदा टंडन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पितरकुंडा, लल्लापुरा और आसपास के इलाके में जनसम्पर्क किया। कांग्रेस के महापौर पद के उम्मीदवार अनिल श्रीवास्तव ने राजनारायण पार्क (बेनिया) में गांधी चौरा पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर एवं समाजवादी पुरोधा राजनारायण की प्रतिमा को नमन कर जन सम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने बेनिया क्षेत्र स्थित चाय की अड़ियों पर बैठे लोगों से मिलकर समर्थन मांगा। पार्टी के महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, उप्र. कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदर्श मिश्र ‘बाबा’ व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा की चुनाव संचालन समिति की बैठक, पूरा फोकस बूथ पर
नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा के चुनाव संचालन समिति की बैठक भेलपुर जवाहरनगर स्थित केंद्रीय कार्यकाल में हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि चुनाव में पूरे परिश्रम के साथ सभी 1,328 बूथों में बूथ स्तर पर बैठक होनी चाहिए। यह बैठक एक ही दिन सभी बूथों पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओ को एक मंत्र दिया था कि बूथ जीता चुनाव जीता।
इसी तर्ज पर अब हमारा पूरा फोकस बूथ पर होना चाहिए। सभी के साथ मिलकर बूथ जीतने की रणनीति बनाई जानी चाहिए। वार्ड स्तर पर 100 नुक्कड़ सभाओं की रणनीति बनानी चाहिए। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने की। धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया। बैठक में प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शिवनाथ यादव, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
श्रीधर/पवन
