Friday, January 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा अध्यक्ष नड्डा ने अंबेडकर नगर में पार्टी की जनविश्वास यात्रा को...

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने अंबेडकर नगर में पार्टी की जनविश्वास यात्रा को दिखाई हरी झंडी

अंबेडकर नगर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को अंबेडकर नगर से जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश छह जिलों बिजनौर, मथुरा, झांसी, अंबेडकरनगर, बलिया और गाजीपुर से आज ही भाजपा की जन विश्वास यात्रा निकाली गयी हैं।

प्रभु श्रीराम, भगवान कृष्ण और महात्मा गौतम बुद्ध की धरती को नमन करते हुए नड्डा ने कहा कि लोगों के बीच में जाना, अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाना और जनता से किये गए हर वादे को जमीन पर उतार कर दिखाना, देश के लोकतंत्र में यह कार्य संस्कृति यदि किसी ने विकसित की है, तो वह केवल भाजपा की सरकारें हैं। इससे पहले तो लोगों को बांटकर वोट बटोरने की संस्कृति थी। पश्चिम बंगाल से लेकर तमिलनाडु तक और जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक भाजपा को छोड़ कर लगभग सभी पार्टियां जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद या फिर संप्रदायवाद की ही राजनीति करती दिख रही है।

नड्डा ने कहा कि आजकल लोग नए-नए नारे गढ़ कर नए-नए कलेवर में सामने आ रहे हैं लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता सपा सरकार के समय का माफिया राज और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार नहीं भूली है। पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि खनन माफिया, भू-माफिया और अपराधियों ने सपा सरकार के समय किस तरह पूरे प्रदेश को अपने गिरफ्त में ले लिया था। उन सभी माफियाओं और अपराधियों को जेल भेजने का और उत्तर प्रदेश की सीमा से बाहर खदेड़ने का काम योगी सरकार ने किया है। सपा सरकार के समय गोमती रिवर फ्रंट और यूटीलाइजेशन सर्टिफिकेट में करोड़ों का घपला उत्तर प्रदेश की जनता भूली नहीं है। लैपटॉप वितरण में भी सपा की अखिलेश सरकार ने बड़ा घपला किया था।

उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 से 21 साल किये जाने की खबर पर समाजवादी पार्टी के नेता किस तरह अनैतिक बयान दे रहे हैं और महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। इसकी जितनी भी निंदा की जाय, कम है। इससे भी खराब बात यह कि अखिलेश यादव ऐसे शर्मनाक बयानों का खुल कर बचाव कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार ने विकास को जमीन पर उतारा है और इसे जन-जन तक पहुंचाया है। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में विकास की बहार आई है। कभी बीमारू प्रदेश की सूची में रहने वाला उत्तर प्रदेश अब देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ज़िंदा समाज वह होता है जो अच्छे काम करने वाले लोगों को शाबासी दे और काम न करने वाले लोगों को घर बिठाए। मुझे पूरा विश्वास है कि अवध की जनता काम न करने वाले लोगों को घर बिठाने का काम करेगी। कार्यक्रम में भाजपा के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, पंकज चौधरी, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्या कुमार, अमरपाल मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेषनारायण मिश्र, उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, जिला भाजपा प्रभारी विजय प्रताप सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संजय मयूख मौजूद रहे।

दिलीप/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular