Monday, April 13, 2026
Homeखेलभाग्यशाली हूं कि लंबे समय तक धोनी के नेतृत्व में खेला :...

भाग्यशाली हूं कि लंबे समय तक धोनी के नेतृत्व में खेला : फाफ डु प्लेसिस

मुंबई(हि.स.)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली समझते हैं कि उन्होंने लंबे समय तक महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में खेला।

आईपीएल 2022 की शुरुआत शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले से शुरू होगी।

आईपीएल ट्विटर अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में, फाफ अपनी नई टीम और एमएस धोनी के बारे में बात करते नजर आए, जिन्होंने पिछले गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी छोड़ दी थी। उनकी जगह हरफनमौला रवींद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपी गई है।

आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा, “मेरे लिए अच्छी चुनौती है, मैं नई फ्रेंचाइजी में शामिल हो रहा हूं और एक बड़ी फ्रेंचाइजी की कप्तानी भी कर रहा हूं।”

डु प्लेसिस ने कहा, “मैं भाग्यशाली था कि बहुत लंबे समय तक एमएस धोनी के नेतृत्व में खेला। उनका दिमाग कैसे काम करता है, यह बहुत करीब से देखने को मिला। हमें समूह के भीतर एक मजबूत नेतृत्व मिला।”

कोहली की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, ‘विराट ने लंबे समय तक अपने देश की कप्तानी की है। वह भारतीय क्रिकेट और आरसीबी के लिए बहुत अच्छे कप्तान रहे हैं और उनका अनुभव और ज्ञान किसी से कम नहीं है।’

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आईपीएल 2022 का अपना पहला मैच रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेलेगी। आईपीएल मैचों की बात करें तो, सारे मैच मुंबई, नवी मुंबई और पुणे के स्टेडियमों में खेले जाएंगे, जिसमें दर्शकों की संख्या कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार 25 प्रतिशत होगी।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular