बुलंदशहर(हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (भानु) का कलेक्ट्रेट के गेट पर चल रहा धरना बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान यूनियन (भानु) 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं। भाकियू (भानु) के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुड्डू ने कहा कि जब तक सरकार सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर मांगें नहीं मानती है तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। कई बार ज्ञापन देने के बाद भी सरकार की तरफ से अभी तक कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई है। जिसके चलते 23 दिसंबर से पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के धरना दे रहे किसानों ने अचानक कलेक्ट्रेट गेट के सामने चौराहे पर जाम लगा दिया। यूनियन के कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। किसान यूनियन ने जिलाधिकारी से मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग की। जाम लगने से आम राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी व नगर कोतवाल के साथ किसान यूनियन के पदाधिकारियों की जाम खुलवाने को लेकर नोकझोंक हुई। अधिकारियों के काफी समझाने के बाद किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन देकर जाम खोला।
धरना-प्रदर्शन में कुलदीप गुड्डू प्रदेश महामंत्री, सुरेश चौधरी राष्ट्रीय संगठन मंत्री, रविंद्र कुमार शर्मा राष्ट्रीय प्रवक्ता, अशोक शर्मा मेरठ मंडल प्रभारी, मिली चौहान जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा आदि शामिल रहे।
सचिन शर्मा
