– ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से निकाली गई नशा मुक्ति जनजागरण रैली
मीरजापुर(हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा प्रभु उपहार भवन शुक्लहा की केंद्र प्रभारी बिन्दु दीदी व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता बीके मालवर सिंह ने व्यसन मुक्त भारत के लिए मंगलवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत जनजागरण रैली निकाली।
रैली नगर के शुक्लहा स्थित ब्रह्माकुमारी मुख्यद्वार से प्रारम्भ होकर तहसील चौराहा, गिरधर चौराहा, वासलीगंज, घंटाघर, तेलियागंज, अनगढ़ रोड होते हुए पुन: शुक्लहा रोड स्थित प्रभु उपहार भवन आकर समाप्त हुई।ब्रह्माकुमारी भाई-बहनें पदयात्रा में नशामुक्ति, राजयोग से सम्बन्धित स्लोगन, झण्डा, बैनर लिए हुए चल रहे थे।
केंद्र संचालिका बीके बिंदु ने कहा कि नशा जीवन को तबाह करने के साथ ही पारिवारिक कलह का कारण भी बन रहा है। सभी की जिम्मेदारी बनती है कि वह नशा जैसे कुरीति का बहिष्कार करने का साहस करते हुए लोगों को प्रेरित करें। आह्वान किया कि अपने जीवन में राजयोग अपनाकर नशा-व्यसन मुक्त हो स्वच्छ समाज एवं सुदृढ़ भारत के निर्माण में अपना योगदान करें, यही परमात्मा की आवाज है। रैली में लगभग 150 भाई-बहनों ने प्रतिभाग किया।
गिरजा शंकर
