Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभतीजी ने रची थी सर्राफ के घर लूट की साजिश, चार गिरफ्तार

भतीजी ने रची थी सर्राफ के घर लूट की साजिश, चार गिरफ्तार

मेरठ़(हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजय नगर में सर्राफ के घर पर लूट की साजिश उसकी भतीजी ने ही रची थी। गुरुवार को पुलिस ने भतीजी, उसकी बेटी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।

पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को पत्रकार वार्ता में एसपी अपराध अनित कुमार ने बताया कि विजय नगर में आरएसएस के सह नगर संघचालक और सर्राफ विजय वीर रस्तोगी के घर पर रविवार की शाम एक महिला और दो युवकों ने लूट का प्रयास किया था। घर में पालतू कुत्ते द्वारा हमला करने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और एसओजी की टीम लगी हुई थी। पुलिस ने जिम ट्रेनर भावना रस्तोगी, उसकी बेटी वंशिका रस्तोगी, वंशिका के ब्वॉयफ्रेंड विवेक और उसके दोस्त मोहित सैनी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अपराध ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे भी बरामद किए गए हैं।

आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि भावना रिश्ते में सर्राफ विजयवीर की भतीजी लगती है। भावना ने ही सर्राफ के घर पर लूट की स्क्रिप्ट लिखी थी। भावना ने ही अपनी बेटी के ब्वॉयफ्रेंड और उसके तीन अन्य दोस्तों को घटना में शामिल किया। सभी लोग किराए पर मकान लेने के बहाने विजय वीर के घर में घुसे थे। उनके साथ भावना भी थी और उसने मुंह पर कपड़ा लपेटा हुआ था। पालतू कुत्ते के हमला करने पर आरोपित फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला डाला। उससे पता चला कि घटना में एक महिला भी शामिल रही। इसके आधार पर जांच आगे बढ़ती चली गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया। एक आरोपित आयुष त्यागी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular