Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभड़काऊ भाषण : भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी पर दर्ज हुआ मुकदमा

भड़काऊ भाषण : भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी पर दर्ज हुआ मुकदमा

वायरल वीडियो में अपने समर्थकों को मार पीट के लिए उकसा रहे

कानपुर (हि.स.)। भाजपा विधायक और किदवई नगर प्रत्याशी महेश त्रिवेदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह अपने समर्थकों को मारपीट करने के लिए उकसाते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो का चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया और नौबस्ता थाना में विधायक के खिलाफ विभिन्न धाराओं पर मुकदमा दर्ज हो गया।

भारतीय जनता पार्टी के किदवई नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी और वर्तमान विधायक महेश त्रिवेदी के खिलाफ नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि बगैर अनुमति जनसभा कर रहे थे और इस दौरान अपने प्रत्याशियों को भड़काऊ भाषण देते हुए विरोधियों को लाठी-डंडा और चप्पल से मारने की धमकी दी थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।

बगैर अनुमति के कर रहे थे जनसभा

नौबस्ता थाना प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश त्रिवेदी का पिछले दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह एक जनसभा करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को झगड़ा करने के लिए विरोधियों को लाठी-डंडा और चप्पल से मारने की नसीहत दे रहे थे। उन्होंने वीडियो में कहा था कि गोली मत मारना बाकी हम सब देख लेंगे। इसके साथ ही बगैर अनुमति जनसभा कर रहे थे।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि विधायक महेश त्रिवेदी ने चुनाव प्रचार व जनसंपर्क के लिए कोई अनुमति नहीं ली थी। उपरोक्त प्रकरण में रिटर्निंग अफसर द्वारा जांच में आचार संहिता के उल्लंघन एवं कोविड-19 के नियमों के उल्लंघन का प्रकरण सामने आया। रिपोर्ट आने के बाद एफएसटी सुधांशु त्रिपाठी की ओर से थाना नौबस्ता पर धारा- 117, 171ग, 506, 188, 269 और 270 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

आवास के बाहर हुई थी हवाई फायरिंग

महेश त्रिवेदी को जिस दिन भाजपा से टिकट मिली तो उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह था। इस दौरान विधायक के आवास के बाहर हवाई फायरिंग की गई थी। इस मामले की भी जांच चुनाव आयोग की टीम कर रही है। वायरल वीडियो में उनके साथ ही कई भाजपा के नेता दिखाई दे रहे हैं। जांच के बाद इस मामले में भी एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

एक के बाद एक विवादित बयान

विधायक महेश त्रिवेदी की राजनीति का कुछ अलग ही अंदाज है। पहले वीडियो में उन्होंने विरोधियों के साथ मारपीट करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को उकसा रहे हैं। दूसरे वीडियो में यह कहते दिख रहे हैं कि आप बुलाओगे तो दस बार आंऊगा लेकिन कोई यह सोचे कि महेश घर घर जाए तो असंभव है जिसको वोट देना हो तो दे न देना हो तो न दे। इसके साथ ही एक वीडियो में उनके समर्थक हवाई फायरिंग करते दिख रहे हैं। हालांकि हिन्दुस्थान समाचार किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular