– खुशी से झूम उठे लाखों शिवभक्त, भगवान राम व हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजी अयोध्या
-योगीराज में कांवड़ यात्रियों व शिवभक्तों पर हर सोमवार को हो रही पुष्प वर्षा
अयोध्या (हि. स.)। सावन के तीसरे सोमवार को रामनगरी में शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हुई। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर नागेश्वरनाथ मंदिर में शिवभक्तों पर सोमवार को पुष्पवर्षा की गई।
सरयू घाट के किनारे, रामकी पैड़ी में पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं में काफी हर्ष रहा। इस शुभ संयोग पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लाखों श्रद्धालु और कांवड़िये सुबह से ही यहां पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा के लिए हेलीकॉप्टर ने राम कथा पार्क से उड़ान भरी। मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी नीतीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर इस पर सवार हुए। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देख शिवभक्त भाव-विभोर हो गये। इस दौरान हर-हर महादेव, ओम् नम: शिवाय और हर-हर, बम-बम के जयकारों से अयोध्या गुंजायमान हो उठी।
बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान रही अयोध्या
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव भक्त नागेश्वरनाथ मन्दिर में जलाभिषेक कर रहे हैं। ब्रह्म मुहूर्त से हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों के बीच मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही शिवभक्तों का जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो लगातार चलता रहा। नागेश्वरनाथ मंदिर में मंडलायुक्त, आईजी डीएम-एसएसपी ने शिवभक्तों पर फूल बरसाये। पुष्प वर्षा का दृश्य अत्यंत मनमोहक लग रहा है।
पुष्प वर्षा के बाद अद्भुत दिखा मंदिर का नजारा
शिव भक्तों ने कहा कि वह हर साल सावन में नागेश्वरनाथ मन्दिर आते हैं लेकिन इस बार जो पुष्प वर्षा की गई, उसका अलग ही नजारा दिखा। सभी शिव भक्त पुष्पवर्षा से काफी प्रसन्नचित्त रहे। शिव भक्तों ने पुष्पवर्षा के लिये योगी सरकार का धन्यवाद भी किया। कुछ लोगों ने बताया कि महादेवा में जलाभिषेक करने से उनकी कई मनोकामना पूरी हुई है। वह हर साल शिवरात्रि और सावन के महीने यहां आते हैं।
पवन पाण्डेय
