बागपत (हि.स.)। जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर अपने मकान की छत पर चढ़कर पथराव कर दिया।
पथराव के दौरान एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
बड़ौत शहर के पठानकोट मोहल्ले में वकार और जाहिद के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। रविवार को वकार पक्ष के लोगों ने अपने घरों की छतों पर चढ़कर जाहिद पक्ष के लोगों पर पथराव कर दिया। इस दौरान लोगों अफरातफरी मच गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
आरोप है कि इस दौरान आरोपित पक्ष के लोगों ने तमंचे से फायरिंग भी की है। पथराव में एक युवक घायल हो गया। जबकि कई लोगों को मामूली चोट आई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराया। पुलिस ने घायल युवक का उपचार कराया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में कोतवाल अजय कुमार शर्मा ने बताया कि जाहिद पुत्र नसरूद्दीन निवासी बड़का रोड की तहरीर पर वकार पुत्र शौकत अली, आसिफ पुत्र जमशेद, शौकत पुत्र बशीरूद्दीन, जमशेद पुत्र बशीरूद्दीन, दाऊद पुत्र बशीरूद्दीन और बशीरूद्दीन पुत्र जफरूद्दीन निवासी बड़का रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
