ब्रह्मलीन महंत की 21वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम
बलरामपुर (हि.स.)। शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन के ब्रह्मलीन महंत महेन्द्र नाथ योगी की 21वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम 20 नवम्बर से शक्तिपीठ में शुरू होगा। सात दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में अंतिम दिन 26 नवंबर को श्रद्धांजलि सभा में देश व नेपाल के प्रमुख मठ मंदिरों के संत, महंत सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। जिसको लेकर मंदिर प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी की जा चुकी है।
ब्रह्मलीन महंत की 21वीं पुण्यतिथि पर शक्तिपीठ देवीपाटन द्वारा सात दिवसीय श्री मद्भागवत कथा आयोजित किया गया है। कथा कथावाचक बालक दास महाराज गोरखपुर द्वारा किया जायेगा। अंतिम दिन 26 नवम्वर को संत सम्मेलन व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा।
शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि सात दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन राज्य मंत्री पलटू राम जनपद के चारों विधायक तथा संत सम्मेलन में हरियाणा हिसार से योगी विनोद नाथ, योगी दीनानाथ, नेपाल के दांग चौखड़ा से डॉ नारायण नाथ, सूरज नाथ योगी के अलावा अयोध्या से महंत सुरेश दास, राममिलन दास, बलराम दास, राजू दास, धर्मदास, पवन दास, बृजमोहन दास के अलावा अनेक संत महंत पहुंचेंगे।
श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे, जिसको लेकर स्वीकृति मंदिर प्रशासन को मिल चुकी है। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की पूरी तैयारी की जा चुकी है।
ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन के महंत रहे हैं। इस दौरान सनातन धर्म के प्रचार प्रसार, मंदिर के विकास तथा छुआछूत जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। थारु समाज के उत्थान को लेकर लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान चलाते रहे। क्षेत्र में उनके प्रति लोगों में गहरी आस्था है। शक्तिपीठ देवीपाटन द्वारा उनके पुण्यतिथि पर हर वर्ष कार्यक्रम आयोजित किए जाते है। शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन की संचालन गोरक्ष पीठ गोरखपुर द्वारा की जा रही है। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ गोरक्षनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर भी हैं। हर वर्ष ब्रह्मलीन महंत को श्रद्धांजलि अर्पित करने योगी आदित्यनाथ देवीपाटन पहुंचते हैं।
