वाराणसी(हि.स.)। शरद पूर्णिमा पर मंगलवार को लहुराबीर स्थित ब्रह्ममयी गायत्री माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाल वार्षिक श्रृंगार महोत्सव मनाया गया। महोत्सव में अलसुबह भव्य सजावट के साथ मंदिर में स्थित सभी देव और देवी विग्रह को पंचामृत स्नान कराने के बाद विधिवत श्रृंगार कर भोग लगा आरती की गई। इसके बाद कलश यात्रा निकली इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं शामिल हुई।
कलश यात्रा के समापन पर मंदिर में मातारानी का विविध फूलों और फलों के साथ मिष्ठान्न से सहस्त्रार्चन किया गया। इसके बाद मंगलाचरण के बीच माता रानी का षोडसोपचार विधि से पूजन अर्चन के बाद महाआरती की गई। दरबार में रात 08 बजे से भजन संध्या का भी आयोजन किया गया है। महामाया ट्रस्ट समिति के सचिव डॉ परितोष दीक्षित ,सहायक सचिव शंभूनाथ चर्तुवेदी , सत्यनारायण पांडेय ने बताया कि समस्त कार्यक्रम वैदिक ब्राह्मणों की देखरेख में किया जा रहा है।
