Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबौद्ध सर्किट में वियतनाम व श्रीलंका के सैलानियों का जमावड़ा

बौद्ध सर्किट में वियतनाम व श्रीलंका के सैलानियों का जमावड़ा

कुशीनगर (हि.स.)। बौद्ध सर्किट का पर्यटन सीजन अधिकारिक रूप से प्रारंभ होने में अभी 20 दिन बाकी हैं लेकिन अब से ही यहां वियतनाम, श्रीलंका, नेपाल, भूटान व कोरिया के पर्यटक आने शुरू हो गए हैं। इससे पर्यटन कारोबारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। सितम्बर माह में कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मंदिर में जापान के दो सैलानियों सहित 1050 सैलानियों ने बुद्ध की प्राचीन प्रतिमा का दर्शन किया।

माना जा रहा है कि नया पर्यटन बर्ष कोविड –19 के कारण गत तीन वर्षों में मंद रहे पर्यटन व्यवसाय की भरपाई करेगा। इससे पर्यटन व्यवसाय के ‘नो लास नो प्रॉफिट’ की स्थिति से उबरने की उम्मीद है।

कुशीनगर का पर्यटन सीजन अक्टूबर से मार्च तक का है। इन छह माह में बौद्ध देश के अलावा यूरोपीय देशों के सैलानियों से भरा रहता है। पर्यटक बुद्ध की शयन मुद्रा वाली 5वीं सदी की प्रतिमा, बौद्धकालीन पुरावशेष को देखने के साथ-साथ आध्यात्मिक साधना, पूजन, ध्यान, विपश्यना में लीन हो जाते हैं। पर्यटन सीजन में थाइलैंड, म्यांमार, चीन, जापान, कोरिया, वियतनाम, ताइवान के सैलानियों के साथ-साथ यूरोपीय देशों के सैलानियों का जमावड़ा देख लघु विश्व का अहसास होता है।

कोविड–19 के कारण टूटा यह क्रम इस साल फिर देखने को मिलेगा। पर्यटकों के स्वागत में प्रबंधन ने होटलों को चमकाना शुरू कर दिया है। कर्मचारी वापस ड्यूटी पर आ गए हैं। लान, लाउंज, लाॅबी की साज सज्जा के कार्य तेजी से चल रहे हैं। होटलों में टूर ट्रैवल एजेंसियों की बुकिंग भी आनी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने बताया कि पर्यटन सीजन में पर्यटकों के स्वागत व सुविधाओं में कोई कमी नही होगी।

पर्यटन सुविधाओं व विकास के सभी कार्यों की समीक्षा की जायेगी। जल्द ही संबंधित सभी विभागों की बैठक बुलाई जायेगी।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular