कुशीनगर (हि .स.)। मशहूर जापानी आटोमोबाइल कंपनी टोयोटा के कार्यकारी उपाध्यक्ष असाजुमा गुरुवार को कुशीनगर में थे। यहां के महापरिनिर्वाण मंदिर में उन्होंने बुद्ध की शयनमुद्रा वाली प्रतिमा का दर्शन किया। बौद्ध पुरावशेषों को देखा और ध्यान, योग पूजन में दिन बिताया। उन्होंने पत्रकारों से बौद्ध सर्किट में आई जापानी पर्यटकों की कमी व अर्थ व्यापार को लेकर बातचीत भी की।
उन्होंने कहा कि भारतीय बौद्ध सर्किट में जापानी पर्यटकों की संख्या की अब स्थिति सुधर रही है। उन्होंने कहा कि जापान –भारत के मध्य में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं। हाल के वर्षों में जापान और भारत के बीच आर्थिक संबंधों का लगातार विस्तार हुआ है और उनमें मजबूती आई है। दोनों देशों के बीच व्यापार की मात्रा में वृद्धि हुई है। वर्ष 2020 में जापान भारत का 12वाँ सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार था। आने वाले दिनों में टोयोटा कंपनी यहां और विस्तार करेगी। वह तथागत की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर का भ्रमण करने आए थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण जापान सहित विश्व की अर्थ व्यवस्था प्रभावित हुई है। जापानी मुद्रा येन भी इससे अछूती नहीं है। वह भारत के टोयोटो एजेंसियों का निरीक्षण कर रहे हैं। गाइड डा. अभय राय ने उन्हें कुशीनगर के बारे में विस्तार से बताया।
गोपाल
