– दो अरब डालर निवेश का लक्ष्य
कुशीनगर(हि.स.)। विदेशी कम्पनियां उप्र के बौद्ध सर्किट में दो अरब डालर निवेश की संभावना के दृष्टिगत कार्य कर रही हैं। निवेशक समूह में अमेरिका, वियतनाम, दक्षिण कोरिया, गुयाना, जापान, कंबोडिया की कम्पनियां शामिल हैं। 25 कम्पनियों के सीईओ ने कपिलवस्तु व कुशीनगर का दौरा कर पर्यटन उद्यमियों, जिला प्रशासन एवं पर्यटन अधिकारियों समेत जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर फीड बैक लिया है। निवेशक समूह की मंशा थीम पार्क, लाइट एंड साउंड शो, रिसार्ट, वेलनेस सेंटर, कौशल विकास, फिल्म एवं मीडिया के क्षेत्र में निवेश करने की है।
फाल्कन फीनिक्स ग्रुप की सीईओ माली फॉल्कनर के नेतृत्व में यह दल बौद्ध सर्किट के महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर रहा है। सोमवार को दल ने कुशीनगर के महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। महापरिनिर्वाण मंदिर समेत मैत्रेय परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि, थाई वाट, होटल्स, संग्रहालय, स्तुपा, आधारभूत संसाधनों का विकास आदि को देखा। विदेशी निवेशक समूह ने बौद्ध सर्किट में आने वाले देशी विदेशी पर्यटकों का आंकड़ा, ठहराव के दिन, यातायात के संसाधन आदि के संबंध में सांसद विजय दुबे, जिलाधिकारी एस राजलिंगम एवं पर्यटन उप निदेशक से प्रदेश की पर्यटन नीति आदि के संबंध में अद्यतन जानकारी हासिल की। जिलाधिकारी ने निवेशकों को कुशीनगर में पर्यटन विकास के लिए भूमि सहित अन्य सभी सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। पुरातत्व अधिकारियों ने विदेशी निवेशकों की टीम को गौतमबुद्ध से जुड़ी जीवनी एवं इतिहास की जानकारी दी।
आगरा व अयोध्या भी जाएंगे निवेशक
निवेशक समूह के लीडर ने बातचीत में कहा कि यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास से रोजगार के तमाम अवसर पर भी सृजित होंगे। निवेशकों का यह दल मंगलवार तक उत्तर प्रदेश में रहेगा और अयोध्या एवं आगरा के पर्यटन स्थलों को देखकर विकास की संभावनाएं तलाशेगा। स्थानीय विधायक की तरफ से शिक्षक सुमित त्रिपाठी, एसडीएम कल्पना जायसवाल, तहसीलदार मांधाता प्रताप सिंह, क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रवींद्र कुमार, पर्यटक सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन आदि ने निवेशक समूह के सदस्यों का स्वागत किया।
गोपाल
