-कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मन्दिर में की विशेष पूजा
कुशीनगर(हि. स.)। बौद्ध सर्किट के महत्वपूर्ण स्थल बोधगया, सारनाथ, लुंबनी, कपिलवस्तु, श्रावस्ती आदि की परिक्रमा करते हुए 94 सदस्यीय बौद्ध भिक्षुओं के दल ने बुधवार की सुबह कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मन्दिर में विशेष पूजा कर विश्व शांति की प्रार्थना की।
बौद्ध भिक्षु थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री आयोजित तीन दिवसीय बुद्ध धातु शोभायात्रा में शामिल होंगे। बौद्ध भिक्षुओं ने तीन माह पूर्व पैदल यात्रा बोधगया से प्रारंभ की थी। वहां से सारनाथ , कौशाम्बी, संकिसा, श्रावस्ती, कपिलवस्तु, लुम्बिनी होते हुए कुशीनगर पहुंचे। प्रवास समाप्त होने के बाद यह दल वैशाली, राजगिरि, नालंदा होते हुए बोधगया पहुंचेगा। बोधगया से भिक्षु स्वदेश के लिए रवाना होंगे। थाईलैंड में प्राकृतिक वातावरण में साधना करने वाले थाई बौद्ध भिक्षु कुशीनगर स्थित थाई बुद्ध मंदिर परिसर के बाग में ठहरे हुए हैं। नेतृत्व कर रहे भिक्षु प्रवाट पवतटो ने बताया कि पैदल भ्रमण करने से बौद्ध तीर्थ स्थलों की वास्तविक भौगोलिक स्थिति व इतिहास की जानकारी मिलती है। हमारा उद्देश्य बुद्ध के करुणा मैत्री व शांति संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।
गोपाल
