प्रयागराज (हि.स.)। मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव के समीप शनिवार सुबह बेकाबू बोलेरो की टक्कर से मोटर साइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी एवं बच्चे बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
करछना थाना क्षेत्र के धरी गांव निवासी संजय भारतीया 32वर्ष पुत्र राजमणि प्राइवेट काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने किसी रिश्तेदार के घर मेजा के भड़ेवरा गांव के लिए गया था। जहां से वह अपनी पत्नी रूपा देवी बेटा कुलदीप एवं बेटी नन्दनी को लेकर वापस घर लौटा था। रास्ते में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राज्य मार्ग 76 के कोटहा गांव के पास पहुंचा था कि उसकी मोटर साइकिल में मीरजापुर की ओर से आ रही एक अज्ञात बोलेरों कार उसे टक्कर मारकर फरार हो गई।
हादसे में संजय भारतीया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी एवं बच्चे बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को खबर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की और पत्नी एवं उसके बच्चों को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेज दिया।
