बुलन्दशहर (हि. स.)।माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के लिए जनपद में सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 83 हजार 554 परीक्षार्थी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे,जिनमें से 45 हजार 323 छात्र-छात्राएं हाई स्कूल और 38 हजार 229 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। जिले में इस बार 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 4 हजार 224 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दौरान 110 केंद्र व्यवस्थापकों के साथ 110 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है। बोर्ड परीक्षा के लिए 6 सचल दल और 8 जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। जनपद में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा सकुशल कराए जाने के उद्देश्य से डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बैठक कर अधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश दे दिए हैं।
जिलाधिकारी ने जिले में नकलविहीन एवं शान्तिपूर्वक परीक्षा कराये जाने के लिए परीक्षा केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। बैठक में डीआईओएस ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जनपद में चयनित 110 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा करायी जायेगी। हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा दो पालियों में होंगी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं पूर्ण कराई गई हैं। इसके साथ ही परीक्षा को नकलविहीन सम्पन्न कराए जाने के लिए परिषद द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक केन्द्र व्यवस्थापक एवं एक अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। इसके साथ ही इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा केन्द्रवार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती भी ऑनलाइन की गई है। परीक्षा की ऑनलाइन माॅनिटरिंग हेतु राजकीय इण्टर कॉलेज में कन्ट्रोल रूम की बनाया गया है। जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर संचालित परीक्षा का निरीक्षण करने के लिए 6 उड़नदस्ता टीम भी गठित की गई है।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने केन्द्र व्यवस्थापकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा दिये गये निर्देशों/नियमों के अनुरूप ही परीक्षा को सम्पन्न कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित कराये जाने के लिए परीक्षा केन्द्रों पर सेनेटाइजर, हैण्डवाश, थर्मल स्कैनिंग, पल्स ऑक्सीमीटर एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जाये। परीक्षा केन्द्र पर सभी के द्वारा फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने एवं रिकार्डिंग संरक्षित रखने की व्यवस्था भी की जाएगी।
सचिन शर्मा
