Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश बोरी में बंद युवक की लाश मामले का पर्दाफाश,चचेरे भाई ही निकले...

 बोरी में बंद युवक की लाश मामले का पर्दाफाश,चचेरे भाई ही निकले हत्यारे

मृत युवक की पहचान होते ही पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया

मोंटी की दबंगई और मारपीट की आदत से दोनों रहे परेशान

वाराणसी (हि.स.)। चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी स्थित नाले में मिले बोरी में बंद युवक की लाश मामले का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया। युवक की हत्या उसके हमउम्र चचेरे भाई और पट्टीदार ने ही की थी। गिरफ्तार युवकों ने हत्या का कारण बताया तो लोग चकित रह गये। पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त ईंट,ई-रिक्शा ,तीन मोबाइल फोन और 2500रुपये भी बरामद कर लिया। मंगलवार को गिरफ्तार हत्यारोपियों बड़ी पियरी निवासी डब्लू यादव और पिंटू यादव को मीडिया के सामने पेश किया गया। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि वारदात के पर्दाफाश के लिए थानाध्यक्ष चितईपुर बृजेश कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी सुनील कुमार सिंह की टीम लगाई गई। पूछताछ, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी ने बताया कि बड़ी पियरी निवासी मोंटी यादव (32) की हत्या उसके दोस्तों चचेरे भाई डब्लू यादव और पिंटू यादव ने ही की थी। दोनों हत्यारोपियों ने बताया कि मोंटी उन लोगों से लगातार झगड़ा और मारपीट करता था। उसी की वजह से दोनों किराये के मकान में रहने लगे थे। फिर हमने यह तय कर लिया था कि मोंटी को जान से मार देंगे। 28 नवबर की सुबह पिंटू ने डब्लू से कहा कि तुम्हारी पत्नी बाहर गई है और मैं भी अपनी पत्नी को आज उसके मायके छोड़ दूंगा। तुम मोंटी को अपने कमरे में लेकर आना। वहां उसे शराब पिलाकर उसका काम तमाम कर दिया जाएगा। उसी दिन सुबह 10:30 बजे डब्लू को चेतगंज शराब ठेके के पास मोंटी पैदल दिखा। इस पर डब्लू उसे शराब पिलाने की बात कह कर आदमपुर स्थित अपने घर ले गया। जब मोंटी यादव शराब के नशे में धुत हो गया तो शाम 4 बजे के लगभग उसने ईंट से उसके चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। मोंटी की हत्या करने के बाद डब्लू ने पिंटू को फोन कर बताया कि काम हो गया है। 29 नवंबर को दोनों ने दालमंडी से बक्सा खरीदा। फिर पिंटू के ई-रिक्शे में बक्सा लादकर कमरे पर लाए। इसके बाद मोंटी के शव को गद्दे में लपेट कर तार बांध कर बोरे में भर दिया।

30 नवंबर की सुबह मकान मालिक के जागने से पहले बक्सा ई-रिक्शे में रख कर दोनों शहर भर में सुरक्षित स्थान तलाशते रहे। शाम होने के बाद दोनों ने करौंदी स्थित आईटीआई कॉलेज के समीप बक्से से शव निकाल कर नाले में फेंका और फिर भाग गए थे। दोनों ने बताया कि जिस ईंट से मोंटी को मारा था । उस ईंट व खून से सने कपड़े को सेनपुरा मलिन बस्ती के सामुदायिक शौचालय व कूड़ा घर के बीच फेंक दिया था। दोनों के बताये स्थान से पुलिस टीम ने ईंट बरामद कर लिया।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular