Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबोट रेस फ़ेस्टिवल का विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और कमिश्नर ने किया...

बोट रेस फ़ेस्टिवल का विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और कमिश्नर ने किया शुभारंभ

शंघाई सहयोग संगठन की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में काशी में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा: नीलकंठ तिवारी

वाराणसी (हि.स.)। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा ने मंगलवार को दशाश्वमेधघाट से चार दिवसीय नौका रेस फेस्टिवल का संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। इसके बाद विजेता टीम को मिलने वाली ट्रॉफी का अनावरण भी किया। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री और विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी अब आध्यात्मिक नगरी के साथ इवेंट की नगरी भी बन रही है । टेंट सिटी, क्रूज़ आदि से काशी एक नए कलेवर से संपूर्ण विश्व को लुभा रही है। शंघाई सहयोग संगठन की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में काशी में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि काशी की अर्थव्यवस्था में भारी बढ़ोतरी हुई हैं । गतवर्ष जीएसटी में 35-40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उनके पर्यटन मंत्री के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन ज़िलाधिकारी एवं वर्तमान मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा द्वारा काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया गया। विधायक ने मंडलायुक्त को सुझाव देते हुए कहा कि घाटों पर पंडा समाज के लिए एक समरूप सुनियोजित बैठने की व्यवस्था, नावों का एक जैसा रंग तथा नाविकों के लिए समान ड्रेस कोड पर कार्य करने की जरूरत है। मंडलायुक्त ने कहा कि बोट रेस पर्यटन को और बढ़ावा देगा। बोट रेस तथा हॉट बलून फेस्टिवल का आयोजन एक अनुपम पहल है। भविष्य में 6 माह हेतु बलून फेस्टिवल का आयोजन किए जाने पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से नाविकों की छुपी हुई प्रतिभा का पता चलेगा। भविष्य में यूपी के अन्य जिलों से भी कई टीमों को रेस में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी पर्यटन के क्षेत्र में नित-नए आयाम प्राप्त कर विश्व पटल पर सुसज्जित हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के नव्य एवं भव्य रूप में लोकार्पण के उपरांत विगत वर्ष 7.5 करोड़ से अधिक लोगों ने काशीपुराधिपति के पुण्य दर्शन किए। गंगा-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्रूज़ का संचालन, बोट रेस आदि का आयोजन किया गया है। फेस्टिवल के उद्घाटन के पूर्व कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

अयोध्या से आए कलाकारों ने भी अवध का पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। केरल से आए निर्णायक मंडल ने 12 टीमों के खिलाड़ियों का परिचय लिया। प्रतियोगिता में पहले दिन पांडेय घाट की टीम प्रथम,राम नगर की टीम दूसरे स्थान पर रही।

बोट रेस का आयोजन 12 टीमों के बीच किया जा रहा है तथा इन टीमों के लिए ड्रेस एवं लोगो आदि भी बनवाये गये हैं। प्रतियोगिता में नावों को भी तय मानकों के अनुरूप नावों का वज़न तथा प्रतिभागियों का निर्धारण भी किया गया है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular